SIR के खिलाफ दिल्ली में ममता पीड़ित परिवारों संग करेंगी प्रदर्शन
कोलकाता । डेस्क: निर्वाचन आयोग की 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) प्रक्रिया के खिलाफ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बुधवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगी. वहां वह केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ एक बड़े विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगी.
तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि इस प्रक्रिया के कारण राज्य में 110 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और बड़ी संख्या में वैध नागरिकों को प्रताड़ित किया जा रहा है. ममता बनर्जी के साथ इन "पीड़ितों" के करीब 160 परिजन भी दिल्ली जा रहे हैं, जिन्हें बंग भवन में ठहराया जाएगा.
पार्टी सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी का यह आंदोलन 1 फरवरी को पेश होने वाले केंद्रीय बजट की चर्चाओं को प्रभावित कर सकता है. इस दौरे के दौरान वह विपक्षी दलों के नेताओं से भी मुलाकात करेंगी, जिसमें समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव का समर्थन उन्हें पहले ही मिल चुका है.
अखिलेश यादव ने कोलकाता में ममता बनर्जी से मुलाकात कर SIR को "सफेदपोश एनआरसी" करार दिया और आरोप लगाया कि इसके जरिए बंगाल के मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है.
तृणमूल कांग्रेस ने इस मुद्दे पर कानूनी विकल्प भी खुले रखे हैं और जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी की है.