छत्तीसगढ़ में RTO ई-चालान के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में इन दिनों साइबर अपराधी यातायात नियमों के उल्लंघन के नाम पर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं. परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस के नाम से फर्जी मैसेज भेजकर लोगों के बैंक खातों में सेंध लगाई जा रही है. इस बढ़ते खतरे को देखते हुए परिवहन विभाग ने आम नागरिकों के लिए चेतावनी और गाइडलाइन जारी की है.
साइबर अपराधी परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट का एक नकली (क्लोन) पेज तैयार करते हैं. इसके बाद वाहन स्वामियों को डराने वाले संदेश भेजे जाते हैं कि उन्होंने ट्रैफिक नियम तोड़ा है और उनका चालान कटा है. मैसेज में एक संदिग्ध लिंक होता है, जिस पर क्लिक करते ही यूजर की व्यक्तिगत जानकारी चोरी हो जाती है और बैंक खाते से पैसे गायब कर दिए जाते हैं.
यातायात विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नागरिक इन बातों का विशेष ध्यान रखें:
किसी भी अनजान मैसेज लिंक, APK फाइल या निजी मोबाइल नंबर से आए लिंक पर क्लिक न करें. परिवहन विभाग कभी भी किसी निजी नंबर से भुगतान के लिए दबाव नहीं बनाता.
किसी भी अजनबी व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन ट्रांजैक्शन न करें. परिवहन विभाग ने बताया कि वास्तविक ई-चालान की सूचना केवल पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ही भेजी जाती है. सुरक्षित भुगतान के लिए इन स्टेप्स का पालन करें:
आधिकारिक वेबसाइट: केवल [संदिग्ध लिंक हटा दिया गया] का ही उपयोग करें. ऑनलाइन भुगतान: वेबसाइट पर जाकर “Pay Online” विकल्प चुनें.
विवरण भरें: अपना चालान नंबर और कैप्चा कोड डालकर “Get Detail” पर क्लिक करें.
सत्यापन: मोबाइल पर प्राप्त OTP दर्ज करने के बाद ही चालान का पूरा विवरण देखें और भुगतान करें.
यदि आपको कोई फर्जी कॉल, मैसेज या ऐप प्राप्त होता है, तो तुरंत अपने नजदीकी पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराएं. सतर्कता ही साइबर ठगी से बचने का एकमात्र उपाय है.
(आधिकारिक ई चलान का फोटो)