महानदी विवाद: BJD का आरोप, ओडिशा के हितों की रक्षा में विफल BJP सरकार
भुवनेश्वर । डेस्क: ओडिशा की प्रमुख विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल ने शुक्रवार को महानदी जल विवाद को लेकर राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. शंख भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान बीजेडी के वरिष्ठ नेताओं ने सरकार पर छत्तीसगढ़ के साथ चल रहे इस पुराने विवाद को सुलझाने में विफल रहने और स्पष्ट रणनीति न होने का गंभीर आरोप लगाया.
विपक्ष के उपनेता प्रसन्ना आचार्य, वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्रा और विधायक निरंजन पुजारी ने संयुक्त रूप से कहा कि राज्य सरकार की अनिर्णय की स्थिति के कारण पिछले 19 महीनों में छत्तीसगढ़ ने नदी के ऊपरी हिस्से में कई चेक डैम और बैराज बना लिए हैं, जिससे ओडिशा के पानी के हिस्से पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है.
नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इस बात को लेकर भ्रमित है कि समाधान आपसी बातचीत से निकाला जाए या महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण (Tribunal) के जरिए.
देवी प्रसाद मिश्रा ने कहा कि सरकार ने पहले बातचीत की बात की और फिर न्यायाधिकरण का रुख किया, लेकिन समय पर न्यायाधिकरण के कार्यकाल विस्तार का अनुरोध करने में भी विफल रही, जिसके लिए उसे फटकार तक झेलनी पड़ी.
वहीं, प्रसन्ना आचार्य ने रेखांकित किया कि देश में ऐसा कोई उदाहरण नहीं है जहां अंतरराज्यीय जल विवाद केवल आपसी बातचीत से सुलझा हो.
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र, ओडिशा और छत्तीसगढ़ तीनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद राज्य के हितों की अनदेखी की जा रही है. विधायक निरंजन पुजारी ने खुलासा किया कि इस मुद्दे पर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक और छत्तीसगढ़ का प्रस्तावित दौरा बिना किसी स्पष्टीकरण के रद्द कर दिया गया, जो सरकार की गंभीरता पर सवाल उठाता है.