गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की योजना नहीं
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्र सरकार का गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने वाला कोई कानून बनाने की योजना नहीं है. यह जानकारी मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने मंगलवार को संसद में दी.
लोकसभा में वरिष्ठ भाजपा नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के एक सवाल के लिखित जवाब में मंत्री बघेल ने कहा, "नहीं, महोदय. संविधान के अनुच्छेद 246(3) के तहत, केंद्र और राज्यों के बीच विधायी शक्तियों के वितरण के अनुसार, पशुओं का संरक्षण एक ऐसा विषय है, जिस पर राज्य विधानमंडल को विशेष रूप से कानून बनाने का अधिकार है."
मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार दिसंबर 2014 से राष्ट्रीय गोकुल मिशन लागू कर रही है, जिसका उद्देश्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा गायों के संवर्धन, संरक्षण और पालन-पोषण के लिए किए जा रहे प्रयासों को समर्थन और सुदृढ़ करना है.
दूध उत्पादन के बारे में जानकारी देते हुए, मंत्री बघेल ने सदन को बताया कि 2024 में देश के कुल 239.30 मिलियन टन दूध उत्पादन में गाय के दूध का योगदान 53.12% था, जबकि भैंस के दूध का योगदान 43.62% था.