छत्तीसगढ़ के कोसा रेशम को नई पहचान दिलाई 'कोसाला' ने
नई दिल्ली । डेस्क: छत्तीसगढ़ के सुदूर इलाकों में होने वाली माइनिंग और पारंपरिक बुनकरी के बीच एक अनोखा रिश्ता जुड़ गया है. आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी हिंडाल्को ने अपने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) प्रोजेक्ट के तहत छत्तीसगढ़ की लुप्तप्राय कोसा रेशम कला को पुनर्जीवित करने के लिए दिल्ली में अपने पहले प्रीमियम रिटेल स्टोर 'कोसाला' (Kosala) का आगाज़ किया है.
इस स्टोर का उद्घाटन आदित्य बिड़ला सेंटर फॉर कम्युनिटी इनिशिएटिव्स एंड रूरल डेवलपमेंट की चेयरपर्सन श्रीमती राजश्री बिड़ला ने किया.
यह कहानी साल 2021 में शुरू हुई थी, जब हिंडाल्को के प्रबंध निदेशक सतीश पाई और उनकी टीम ने रायगढ़ के आसपास रहने वाले देवांगन समुदाय की इस पुश्तैनी कला को पहचान कर 'कोसाला फाउंडेशन' की नींव रखी.
जंगली कोकून से रेशम निकालने की यह कला बेहद श्रमसाध्य है, जो धीरे-धीरे दम तोड़ रही थी. हिंडाल्को के हस्तक्षेप ने न केवल इस कला को आधुनिक डिजाइन और रंगों से जोड़ा, बल्कि बुनकरों की आय में 63 प्रतिशत तक की वृद्धि सुनिश्चित की.
इस प्रोजेक्ट की सफलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बेंगलुरू में आईटी की नौकरी करने वाले बालेश्वर देवांगन जैसे युवा अब अपनी जड़ों की ओर लौटकर इस फाउंडेशन से जुड़ रहे हैं. महज 5 परिवारों से शुरू हुआ यह सफर आज रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिलों के 700 से अधिक कारीगरों तक पहुंच चुका है.
दिल्ली के स्टोर में पेश किए गए पेस्टल रंगों की साड़ियाँ, कुर्ते और लैपटॉप बैग्स वैश्विक फैशन मानकों को टक्कर दे रहे हैं. हिंडाल्को के अधिकारियों के अनुसार, यह केवल एक स्टोर नहीं बल्कि एक 'रिवाइवल प्रोजेक्ट' है, जो आने वाले समय में ऑनलाइन और अन्य शहरों में भी विस्तार करेगा.