कोरबा: संदिग्ध मौत के बाद कब्र से निकाला गया महिला का शव
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने कार्यपालक मजिस्ट्रेट (SDM) के आदेश पर शव को कब्र से बाहर निकाला है. मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जल्दबाजी में शव को दफनाने का गंभीर आरोप लगाया है.
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, गिरधौरी गांव की रहने वाली विनीता की शादी आठ साल पहले भालपहरी गांव के मुकेश के साथ हुई थी. उनके दो छोटे बच्चे भी हैं. बीते 19 मई को इलाज के दौरान विनीता की मौत हो गई थी, जिसके बाद ससुराल वालों ने उसे भालपहरी गांव में दफना दिया था.
मृतका की मौसी कौशल्या अनंत और अन्य परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही विनीता को दहेज के लिए प्रताड़ित और मारपीट की जा रही थी.
उन्होंने बताया कि 14 और 15 मई को विनीता एक शादी समारोह में शामिल हुई थी, जहां वह बिल्कुल स्वस्थ और खुश थी. लेकिन इसके बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने की बात कहकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया और मायके वालों के पहुंचने से पहले ही आनन-फानन में शव को दफना दिया गया.
दूसरी ओर, उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार विनीता का अस्पताल में इलाज चल रहा था और वह गंभीर एनीमिया, पीलिया, हेपेटाइटिस-बी और तेज बुखार से पीड़ित थी.
प्रथम दृष्टया मामला बीमारी से मौत का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, मायके पक्ष के आरोपों को देखते हुए शव को कब्र से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.