कोरबा: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के सर्वमंगला नगर फोकट पारा में 26 वर्षीय महिला सुलोचना पटेल का शव किराए के मकान के बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटकता मिला. लोहे के एंगल पर दुपट्टे के सहारे लटके शव को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की पड़ताल में जुट गई है.
इस घटना के बाद से मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के बीच गंभीर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. मूल रूप से मध्य प्रदेश के मऊगंज (रीवा) जिले की रहने वाली सुलोचना की शादी 10 वर्ष पूर्व उमेश पटेल से हुई थी.
दंपती की एक 6 साल की बेटी है. मृतका के भाई सियाराम पटेल का दावा है कि घटना की रात सुलोचना ने फोन कर पति द्वारा मारपीट करने और किसी अन्य महिला से संबंध होने की बात कही थी. परिजनों ने इसे आत्महत्या न मानकर हत्या की आशंका जताई है.
दूसरी ओर, कुसमुंडा खदान में ड्राइवर के पद पर कार्यरत पति उमेश पटेल ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उमेश का कहना है कि ड्यूटी पर जाते समय सुलोचना ने उससे गांव छोड़ने को कहा था, जिसे उसने महज एक मजाक समझा.
उसने किसी भी प्रकार के विवाद या अफेयर की बात से साफ इनकार किया है. पति के अनुसार, सुलोचना दूसरा बच्चा न हो पाने की वजह से पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी.
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है. कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है. परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती जांच के आधार पर ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी.