शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: डीजे ऑपरेटर की पीट-पीटकर हत्या

C

CG Khabar

23 जून 2026, 02:37 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

हत्या
हत्या

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में सोशल मीडिया पर डाली गई एक रील की वजह से उपजा विवाद इस कदर बढ़ा कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी. दरअसल, रामसागरपारा क्षेत्र में महेंद्र गंगवानी और नदीम नामक दो पक्षों के बीच इंस्टाग्राम रील को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी. 


रविवार की रात मुख्य आरोपी महेंद्र ने अपने नाबालिग बेटे और अन्य साथियों के साथ मिलकर नदीम को रास्ते में घेर लिया और उस पर लाठी-डंडों व ईंटों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हिंसक झड़प के दौरान वहां से गुजर रहा डीजे ऑपरेटर रवि यादव नदीम को बचाने के लिए बीच में आया, लेकिन हमलावरों ने उसके सिर पर डंडे से इतना जोरदार वार किया कि रवि की मौके पर ही मौत हो गई.

विज्ञापन


इस खूनी वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया. घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने रात में ही आरोपियों के घरों पर पथराव और तोड़फोड़ कर दी. इसके बाद मृतक के परिजनों और आक्रोशित नागरिकों ने कोतवाली थाने का घेराव कर जमकर नारेबाजी की. 


पुलिस के काफी समझाने-बुझाने के बाद रात को लोग शांत तो हुए, लेकिन सोमवार की सुबह कानून-व्यवस्था से नाराज जनता ने मुरारका पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया.


इधर, सोशल मीडिया पर इस पूरी घटना का एक लाइव वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी लाठी-डंडे और ईंटें लेकर हमला करते साफ दिखाई दे रहे हैं. 


पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी महेंद्र गंगवानी, उसके बेटे सहित छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों में तीन नाबालिग और एक पिता-पुत्र की जोड़ी शामिल है. फिलहाल पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया है और स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखने के लिए क्षेत्र में बल तैनात किया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP