कोरबा: कार्बन फैक्ट्री में बॉयलर फटने से मची अफरा-तफरी
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया. सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक कार्बन फैक्ट्री के बॉयलर में अचानक हुए तेज धमाके के बाद वहां भीषण आग लग गई. गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते फैक्ट्री में काम कर रहे सभी 30 से 40 मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचा ली.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने पुष्टि की है कि सभी मजदूर पूरी तरह सुरक्षित हैं. वहीं, कोरबा एसडीएम सरोज महिलांगे ने बताया कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है और सुरक्षा में चूक को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन से जवाब तलब किया जाएगा.
धमाका इतना भीषण था कि आग की लपटों और धुएं के काले गुबार से आसपास का पूरा इलाका ढक गया. हवा में केमिकल की तेज गंध और आंखों में जलन महसूस होने से स्थानीय निवासियों के बीच दहशत का माहौल बन गया.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन इलाके को तुरंत सील कर दिया. इसके बाद नगर सेना के 8 दमकल वाहनों ने करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, जिसके बाद दोबारा आग भड़कने से रोकने के लिए कूलिंग प्रक्रिया शुरू की गई.
प्राथमिक जांच के अनुसार, बॉयलर में अत्यधिक प्रेशर या तकनीकी खराबी के कारण यह ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है.
पुलिस वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए कारखाने के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. दूसरी ओर, स्थानीय लोगों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया है. उनका कहना है कि इस फैक्ट्री में पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं, जिस पर कड़े कदम उठाना बेहद जरूरी है.