कोरबा: ग्रामीण पर भालू का हमला, हफ्ते भर में तीसरी घटना
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा वन मंडल अंतर्गत करतला रेंज में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. गुरुवार दोपहर नवापारा के घोघरा मुंडा जंगल में एक भालू ने मवेशी चराने गए ग्रामीण पर जानलेवा हमला कर दिया. घायल ग्रामीण ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए भालू का मुकाबला किया और शोर मचाकर अपनी जान बचाई.
पिछले एक सप्ताह के भीतर इलाके में भालू के हमले की यह तीसरी वारदात है, जिससे ग्रामीणों में भारी डर का माहौल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बोतली का रहने वाला 43 वर्षीय मोहनलाल राठिया दोपहर करीब ढाई बजे बकरियां चराने के लिए पास के जंगल में गया था. इसी बीच झाड़ियों से निकले एक भालू ने अचानक उन पर हमला बोल दिया.
खुद को घिरा देख मोहनलाल भालू से भिड़ गए. इस संघर्ष के दौरान भालू ने उनके बाएं जांघ पर गहरा जख्म कर दिया. ग्रामीण के चिल्लाने की आवाज सुनकर भालू वहां से जंगल की ओर भाग निकला.
लहूलुहान हालत में मोहनलाल किसी तरह अपने घर पहुंचे, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल करतला अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनका उपचार जारी है. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल जाना और नियमानुसार 500 रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की है. वन विभाग ने क्षेत्र के लोगों को अकेले जंगल की ओर न जाने की हिदायत दी है. File Photo