कोंडागांव: सोने की अंगूठी के लिए टेंट व्यवसायी की निर्मम हत्या
कोंडागांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक परिचित ने ही टेंट व्यवसायी सुरेश चौहान की हत्या कर दी. पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी सुरेश देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के अनुसार, आरोपी ने सोने की दो अंगूठियों और नकदी के लिए इस वारदात को अंजाम दिया.
11 अप्रैल की रात आरोपी ने व्यवसायी को बहाने से अपने घर बुलाया और सिलबट्टे के पत्थर से सिर पर वार कर उनकी जान ले ली. हत्या के बाद आरोपी ने शव को स्कूटी पर लादकर करीब डेढ़ किलोमीटर दूर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे एक खेत में ले जाकर मिट्टी के ढेर के नीचे दबा दिया था.
पुलिस की जांच में सीसीटीवी फुटेज सबसे अहम कड़ी साबित हुए, जहां लगभग 150 कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालने के बाद पुलिस का शक सुरेश देवांगन पर गहराया.
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जमीन खोदकर शव को बाहर निकाला.
पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार, खून से सनी स्कूटी, दो सोने की अंगूठियां और 1000 रुपये नकद बरामद कर लिए हैं.
मृतक शिरोमणि डेकोरेटर्स टेंट हाउस के संचालक थे और उनके पीछे पत्नी सहित तीन बच्चे हैं. इस घटना ने पूरे इलाके के व्यापारियों में आक्रोश पैदा कर दिया है, वहीं पुलिस अब मामले में अन्य पहलुओं और संभावित मददगारों की भी जांच कर रही है.