रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोलकाता के लॉ कॉलेज में छात्रा से रेप

C

CG Khabar

27 जून 2025, 02:36 PM 4 मिनट में पढ़ें 3

कोलकाता छात्रा से रेप
कोलकाता छात्रा से रेप

कोलकाता । डेस्क: कोलकाता में लॉ कॉलेज की छात्रा से रेप का मामला सामने आया है. पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी टीएमसी के छात्र परिषद का सदस्य बताया जा रहा है. मामले ने राजनीतिक रंग लेना शुरू कर दिया है. भाजपा ने इसे लेकर तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाये हैं.


अभी लोग साल 2024 में आरजीकर मेडिकल कॉलेज मे हुई छात्रा से रेप तथा हत्या का मामला भूले भी नहीं थे कि नया मामला सामने आ गया है. उस केस में केवल एक अभियुक्त को सजा हुई है.

विज्ञापन


मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुये कोलकाता के पुलिस आयुक्त से तीन दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है. आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने पुलिस आयुक्त को भेजे पत्र में इस घटना पर चिंता जताते हुए इसकी गंभीरता से जांच की मांग की है. साथ ही छात्रा को हरसंभव मदद देने का निर्देश दिया है.


पुलिस के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बीबीसी हिंदी को बताया, "साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज परिसर में यह घटना 25 जून को शाम साढ़े सात से रात 10.50 बजे के बीच हुई."


छात्रा ने कस्बा थाने में इसकी लिखित शिकायत की है. उसके बाद पार्क सर्कस के नेशनल मेडिकल कालेज में छात्रा की मेडिकल जांच कराई गई और उनका बयान रिकॉर्ड किया गया है.


पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर एफ़आईआर दर्ज कर इस घटना की जांच शुरू की.


दो अभियुक्तों के नाम प्रमित मुखर्जी और जे अहमद हैं. ये दोनों उसी कॉलेज में पढ़ते हैं. वहीं तीसरे अभियुक्त का नाम मनोजित मिश्र है, जो कॉलेज के पूर्व छात्र हैं.


एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, "पीड़िता ने बताया है कि उसे टीएमसीपी की कॉलेज यूनियन का अध्यक्ष बनाने का लालच देकर परिसर में बुलाया गया और रेप किया गया."


पीड़िता छात्रा ने पुलिस को बताया है कि बीते बुधवार को संगठन का अध्यक्ष बनाने का वादा कर मनोजित ने उसे कॉलेज में बुलाया था. वो दोपहर 12 बजे के बाद कॉलेज पहुंची थीं. उसके बाद मनोजित ने उनके सामने अश्लील प्रस्ताव रखा. लेकिन छात्रा ने उसे मानने से इनकार कर दिया. इसके बाद मनोजित और दोनों सहयोगी छात्रा को जबरन खींच कर गार्ड रूम में ले गये. वहां से गार्ड को भगाकर वारदात को अंजाम दिया गया.


मनोजित मिश्र नामक जिस मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया है उनके फेसबुक प्रोफाइल के मुताबिक, वो दक्षिण कोलकाता ज़िला तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद के संगठन सचिव हैं. 


उधर तृणमूल छात्र परिषद के प्रदेश अध्यक्ष तृणांकुर भट्टाचार्य ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "अभियुक्त को सालों पहले छोटा-मोटा पद दिया गया था न कि यूनियन प्रेसिडेंट का. वह सालों से लॉ कॉलेज में टीएमसीपी की शाखा में भी सक्रिय नहीं थे."


आरजीकर मेडिकल कॉलेज के रेप तथा हत्या से उमड़े जनआक्रोष के बाद इस बार तृणमूल कांग्रेस भी सतर्क हो गई है. टीएमसीपी के प्रदेश अध्यक्ष तृणांकुर भट्टाचार्य ने इस सवाल का कोई सीधा जवाब दिये बिना पत्रकारों से कहा, "अभियुक्त तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हों या नहीं, उनको कड़ी सजा दी जानी चाहिए. इस घटना का मुख्य अभियुक्त कॉलेज का अस्थायी कर्मचारी है. वह टीएमसीपी से नहीं जुड़ा है."


विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "कानून-व्यवस्था पूरी तरह ढह गई है. इसकी ज़िम्मेदारी लेते हुए ममता बनर्जी को अपने पद से इस्तीफ़ा दे देना चाहिये.अब उनको अपनी कुर्सी पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है. इस घटना ने साबित कर दिया है कि ममता बनर्जी सरकार के शासनकाल में महिलायें सुरक्षित नहीं हैं."


वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार कहते हैं, "जिस राज्य की मुख्यमंत्री पहले रेप को 'छोटी घटना' बता चुकी हैं, वहां ऐसी घटनाएं स्वाभाविक हैं. शैक्षणिक परिसर में लड़कियों की कोई सुरक्षा नहीं है. जिस कॉलेज में कानून के छात्र पढ़ते हैं, वहीं कानून तोड़ा जा रहा है."


वामपंथी छात्र संगठन एसएफआई के प्रदेश सचिव देवांजन डे कहते हैं, "साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में लंबे समय से तृणमूल छात्र परिषद की दादागिरी चल रही है. पुलिस और प्रशासन ने इस मामले में चुप्पी साध रखी है. मुख्य अभियुक्त के खिलाफ पहले से ही भ्रष्टाचार और रेप की धमकी जैसे कई आरोप हैं."


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने कहा, "हम इस घटना से बेहद चिंतित है. पुलिस प्रशासन के सक्रिय रहने पर राज्य में ऐसी घटनाएं नहीं होती."


जानकारों का मानना है कि पिछले साल आरजीकर मेडिकल कॉलेज में घटी घटना तथा इस घटना में कई समानतायें हैं. अगले साल पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव भी है. यदि रेप का मामला तब तक गरम रहता है तो सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ सकता है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP