सीआईए के इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर खामेनेई का खात्मा
वाशिंगटन । डेस्क: अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए (CIA) द्वारा महीनों तक की गई सटीक ट्रैकिंग और 'हाई फिडेलिटी' इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का खात्मा कर दिया गया है. सीआईए ने खामेनेई की गतिविधियों और उनके छिपने के पैटर्न पर बारीक नज़र रखने के बाद शनिवार सुबह तेहरान के एक सुरक्षित सरकारी परिसर में उनकी मौजूदगी की पुख्ता जानकारी साझा की थी.
इसी खुफिया जानकारी का लाभ उठाते हुए अमेरिका और इजरायल ने अपने हमले के समय में अचानक बदलाव किया, ताकि खामेनेई और ईरान के शीर्ष सैन्य नेतृत्व को एक साथ निशाना बनाया जा सके. शनिवार सुबह करीब 9:40 बजे इजरायली लड़ाकू विमानों ने लंबी दूरी की सटीक मिसाइलों से उस परिसर को ध्वस्त कर दिया, जहाँ खामेनेई मौजूद थे.
इस ऑपरेशन की सफलता का मुख्य आधार सीआईए का वह नेटवर्क रहा, जिसने पिछले साल हुए 12 दिवसीय युद्ध के दौरान ईरानी नेतृत्व के संचार और दबाव में उनके मूवमेंट करने के तरीकों का गहराई से अध्ययन किया था.
सीआईए की इस खुफिया जानकारी ने न केवल खामेनेई बल्कि रिवोल्यूशनरी गार्ड के कमांडर-इन-चीफ मोहम्मद पाकपुर और रक्षा मंत्री अजीज नसीरजादा जैसे शीर्ष अधिकारियों की स्थिति को भी उजागर कर दिया.
पूर्व अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, यह ऑपरेशन सीआईए की उस उन्नत क्षमता का प्रमाण है जिसके जरिए वे खामेनेई की सटीक लोकेशन को ट्रैक करने और उनकी अगली चाल का अनुमान लगाने में सफल रहे. इस हमले के बाद ईरान की खुफिया और सैन्य मशीनरी पूरी तरह से पंगु हो गई है, जिसका श्रेय सीधे तौर पर सीआईए के अचूक इंटेलिजेंस इनपुट को दिया जा रहा है.