केरल की सरकार रामनारायण के परिवार को देगी 30 लाख रुपये
तिरुवनंतपुरम । डेस्क: केरल के मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन ने छत्तीसगढ़ के प्रवासी मजदूर राम नारायण बघेल के परिवार को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है. रामनारायण को पिछले सप्ताह पलक्कड़ जिले के वलयार में चोरी के संदेह पर भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. इस घटना ने पूरे राज्य को स्तब्ध कर दिया है. गौरतलब है कि केरल में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट की सरकार है जिसके मुख्यमंत्री सीपीएम से पिनराई विजयन हैं. इसके पहले छत्तीसगढ़ सरकार ने रामनारायण के परिवार को 5 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है.
केरल के मुख्यमंत्री ने यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि राज्य मंत्रिमंडल ने रामनारायण के शोकाकुल परिवार को मुआवजा देने का फैसला किया है. उन्होंने कहा, "इस जघन्य अपराध में शामिल सभी लोगों को न्याय के कठघरे में खड़ा किया गया है और उन्हें सख्त सजा दी जाएगी."
केरल के मुख्यमंत्री विजयन ने इस हत्या को धार्मिक घृणा से प्रेरित बताते हुए इसे उत्तर भारत में प्रचलित लिंचिंग संस्कृति को केरल में फैलाने की साजिश करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया, "यह संघ परिवार का प्रयास था कि उत्तर भारत में हो रही लिंचिंग को केरल में स्थानांतरित किया जाए."
बता दें कि घटना पिछले सप्ताह बुधवार शाम को तब घटी जब रामनारायण को चोरी के आरोप में वलयार में एक भीड़ ने हिरासत में ले लिया और बुरी तरह पीटा. हमले के बाद वह गिर पड़े और खून उगलने लगे, जिसके बाद उनकी चोटों के कारण मौत हो गई. वलयार पुलिस ने घटना से जुड़े 15 लोगों सभी मथालिकाडु और अट्टापल्लम के निवासी को हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने बताया कि रामनारायण नशे में धुत थे, लेकिन चोरी के कोई सबूत नहीं मिले.
मुख्यमंत्री ने पलक्कड़ में क्रिसमस कारोल समूह पर कथित हमले की भी कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा, "क्रिसमस के उत्सव पर भी हमलों की खबरों से पूरा राज्य व्यथित है. बाइबिल का शांति संदेश ऐसे घटनाओं से मिटाने का प्रयास है." विजयन ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, हरियाणा, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार सहित कई राज्यों में समान हमलों का जिक्र किया और संघ परिवार को इसके पीछे जिम्मेदार ठहराया.
उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि क्रिसमस की छुट्टियां रद्द करना और छात्रों को उपस्थिति अनिवार्य करना चिंताजनक प्रवृत्ति दर्शाता है. "हम मानते थे कि केरल ऐसी प्रथाओं से मुक्त है, लेकिन अब इस विश्वास को तोड़ने के प्रयास हो रहे हैं," उन्होंने कहा.
पलक्कड़ के पुथुसेरी में हुई घटना का जिक्र करते हुए विजयन ने बताया कि संघ परिवार समर्थित समूह ने बच्चों वाले क्रिसमस कारोल ग्रुप पर हमला किया. उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेता हमलावरों का बचाव करने आए और कारोल समूह का अपमान किया. "हिंसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है," उन्होंने जोड़ा.
संघ परिवार और भाजपा पर भारी प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "पिछले साल जो लोग ईसाई घरों और पूजा स्थलों पर केक लेकर जाते थे, वे अब क्रिसमस कारोल ग्रुप पर हमला कर रहे हैं. यह बढ़ती असहिष्णुता का स्पष्ट प्रमाण है." राज्य सरकार ने इस घटना के बाद शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए कदम उठाने का आश्वासन दिया है.