केरल के मुख्यमंत्री ने अमेरिका और इजरायल को बताया दुष्ट राष्ट्र
वायनाड । डेस्क: केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या की तीव्र आलोचना करते हुए अमेरिका और इजरायल को "दुष्ट राष्ट्र" (rogue nations) करार दिया है. वायनाड के कलपेट्टा में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शनिवार को हुए हमले को साम्राज्यवादी मानसिकता का परिणाम बताया और कहा कि यह उन देशों को नष्ट करने की साजिश है जो अमेरिका से असहमत हैं.
विजयन ने इस वैश्विक अस्थिरता के बीच पश्चिम एशिया में रह रहे लाखों केरलवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है ताकि खाड़ी देशों में काम कर रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
वहीं, माकपा राज्य सचिवालय ने भी एक कड़ा बयान जारी कर अमेरिकी नीतियों को मानवता के लिए चुनौती बताया है. पार्टी ने आरोप लगाया कि इराक, लीबिया और वेनेजुएला की तरह अब ईरान में भी सत्ता को अस्थिर करने के लिए हत्याओं का सहारा लिया जा रहा है, जो विश्व शांति के लिए एक बड़ा खतरा है.