केरल: SIR के दबाव में BLO की आत्महत्या, BLOs ने किया बहिष्कार
तिरुवनंतपुरम । डेस्क: केरल में मतदाता सूची के SIR के कार्य को लेकर हड़कंप मच गया है. कन्नूर जिले में रविवार को 44 वर्षीय बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अनीश जॉर्ज का शव लटका मिला. पेशे से शिक्षक अनीश के परिवार और पड़ोसियों का आरोप है कि SIR के अत्यधिक दबाव के कारण उन्होंने आत्महत्या की. इसके बाद राज्यभर के BLOs ने सोमवार को कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया, जिससे संशोधन प्रक्रिया लगभग ठप हो गई.
अनीश के परिवार का दावा है कि SIR के काम के कारण उन्हें खाने-पीने का समय तक नसीब नहीं हुआ. उच्च अधिकारियों की ओर से लगातार फोन आते थे कि काम जल्दी पूरा करो. सोमवार को ही उनका शव परिजनों को सौंप दिया गया.
इस घटना के बाद शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों के संगठनों ने तिरुवनंतपुरम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने अतिरिक्त काम के बोझ को बंद करने की मांग की. राज्य के विभिन्न स्थानों पर स्वयंसेवी संगठनों ने भी धरना दिया.
विपक्षी कांग्रेस ने सीपीएम सरकार पर निशाना साधा है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कहा कि अनीश को सीपीएम कार्यकर्ताओं ने झूठे आरोप लगाने की धमकी दी थी. विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने तो सीपीएम कार्यकर्ताओं की भूमिका की जांच की मांग की.
उन्होंने दावा किया कि अनीश कांग्रेस के एक बूथ एजेंट के साथ फॉर्म भरने गए थे, जिसके लिए उन्हें धमकी मिली. सतीशन का आरोप है कि भाजपा और सीपीएम मिलकर कांग्रेस के वोटरों के नाम काटना चाहते हैं. उन्होंने BLOs की सुरक्षा के लिए निर्वाचन आयोग से गुहार लगाई.
दूसरी ओर, सीपीएम नेता ईपी जयराजन ने कहा कि अनीश का परिवार ने उन्हें बताया कि SIR के दबाव में ही वे तनावग्रस्त थे. उन्होंने कांग्रेस पर पलटवार किया. पश्चिम बंगाल के BLOs ने भी SIR के दबाव की शिकायत की है, जहां कुछ अधिकारी काम के बोझ से बीमार पड़ गए. इस घटना ने राज्य की राजनीति को गरमा दिया है, जबकि निर्वाचन आयोग पर दबाव बढ़ गया है.