सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

केदारनाथ धाम हादसा: दो की मौत, तीन यात्री घायल

उत्तराखंड में केदारनाथ में भूस्खलन से दो की मौत और तीन लोग घायल

C

CG Khabar

18 जून 2025, 03:22 PM 2 मिनट में पढ़ें 3

केदारनाथ
केदारनाथ

केदारनाथ | डेस्कः उत्तराखंड के पवित्र तीर्थस्थल केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा के दौरान बुधवार सुबह एक भीषण हादसा हुआ, जिसमें दो पालकी चालकों की जान चली गई और तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.


यह घटना सुबह करीब 11:20 बजे जंगलचट्टी गधेरे के पास हुई, जब अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर नीचे रास्ते पर गिर पड़े. इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आकर रास्ते से गुजर रहे यात्री और पालकी चालक हताहत हो गए.

विज्ञापन


जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मलबे की चपेट में आने से कुछ लोग नीचे खाई में गिर गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ)की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया. 


रजवार ने कहा, "इस दुखद हादसे में दो पालकी चालकों की मौके पर ही मौत हो गई. तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला को हल्की चोटें आईं, जबकि दो पुरुषों की हालत गंभीर है." घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया और उन्हें आगे के इलाज के लिए गौरीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है.


यह हादसा केदारनाथ यात्रा मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता का विषय बन गया है. प्रशासन ने क्षेत्र में राहत कार्य तेज कर दिए हैं और यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की है.


स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि मार्ग की स्थिति का आकलन किया जा रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.


इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं के खतरे को उजागर किया है, और तीर्थयात्रियों के लिए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP