ससुराल में दामाद की निर्मम हत्या: 4 दिन बाद मिला शव
जांजगीर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना अंतर्गत खरखोद गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक शादी समारोह के दौरान पारिवारिक कलह ने खूनी रूप ले लिया. जानकारी के अनुसार, उमरेली निवासी 26 वर्षीय जगदीश प्रजापति अपनी पत्नी और मासूम बच्चे के साथ एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने ससुराल आया था.
आरोप है कि शराब के नशे में धुत जगदीश अपनी पत्नी से विवाद कर रहा था और इसी दौरान उसने अपने डेढ़ साले के बेटे के साथ भी क्रूरता शुरू कर दी.
बीच-बचाव करने पहुंचे ससुर देसाई कुम्हार और साले रामनारायण प्रजापति ने जब उसे शांत करने की कोशिश की, तो विवाद और बढ़ गया. आवेश में आकर दोनों ने जगदीश की डंडे से जमकर पिटाई कर दी और फिर गला दबाकर उसकी जान ले ली.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छुपाने के इरादे से शव को बस्ती से दूर ईंटों के पीछे फेंक दिया. घटना का खुलासा तब हुआ जब 3 मई को इलाके में तेज बदबू फैलने लगी और ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
पुलिस की तफ्तीश और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने की पुष्टि होने के बाद शक की सुई ससुराल पक्ष पर घूमी. कड़ाई से पूछताछ करने पर ससुर और साले ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है. पामगढ़ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है.
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.