जम्मू-कश्मीर: कुलगाम में आतंकी हमला में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत
रायपुर । संवाददाता: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए एक सनसनीखेज आतंकवादी हमले में छत्तीसगढ़ के रहने वाले दो निर्दोष मजदूरों की जान चली गई. आतंकवादियों ने केलम क्षेत्र में बाहरी श्रमिकों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलीबारी की थी. इस कायराना हरकत के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
इस दुखद घटना में छत्तीसगढ़ के निवासी 24 वर्षीय दीपक रात्रे (पिता उमाशंकर रात्रे) की मौके पर ही गोली लगने से मृत्यु हो गई थी. वहीं, हमले में गंभीर रूप से घायल 28 वर्षीय भूपेंद्र (पिता दशरथ) को तत्काल अनंतनाग के जीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान भूपेंद्र ने भी दम तोड़ दिया.
छत्तीसगढ़ शासन की विशेष टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आवश्यक कदम उठा रही है.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए घटना पर गहरा दुख प्रकट किया और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया. मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है.
दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना की तीव्र निंदा करते हुए इसे कायराना हरकत करार दिया. उन्होंने शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों और डीजीपी नलिन प्रभात से बातचीत कर आतंकियों को जल्द से जल्द ढेर करने के निर्देश दिए हैं.
उपराज्यपाल ने स्पष्ट किया कि केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन और पूरा देश इन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी.