जयपुर: 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रमुख पर हमला
जयपुर । डेस्क: राजस्थान की राजधानी जयपुर में नीट (NEET) पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ आयोजित एक बड़े छात्र प्रदर्शन के दौरान 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके पर कथित तौर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर उस समय हुई जब समर्थक दिपके को अपने कंधों पर उठाकर कार्यक्रम स्थल पर ले जा रहे थे.
इसी बीच भीड़ में मौजूद कुछ युवकों ने उन्हें थप्पड़ मार दिया. घटना के बाद मौके पर मौजूद समर्थकों ने आरोपियों को पकड़कर उनकी धुनाई कर दी, जिसके बाद पुलिस ने बीच-बचाव करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पकड़े गए आरोपियों में से एक की पहचान राकेश गुर्जर के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने खुद को राष्ट्रवादी बताते हुए आरोप लगाया कि दिपके की मानसिकता ठीक नहीं है और वे पेपर लीक के बहाने युवाओं को गुमराह कर रहे हैं. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
घटना के बाद प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए दिपके ने विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ आवाज उठाई और लोगों से जाति या धर्म के नाम पर न बंटने की अपील की.
बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि इस तरह के हमलों से उनका आंदोलन नहीं रुकेगा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक उनका यह संघर्ष जारी रहेगा. दिपके ने यह भी घोषणा की कि मांगों को लेकर युवा 20 जून को दिल्ली के लिए मार्च करेंगे.
इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्थान पिछले कुछ समय से पेपर लीक का मुख्य केंद्र बन गया है, जिससे राज्य की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है.
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन देश के छात्रों और नौकरी के इच्छुक युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए एक शांतिपूर्ण और संवैधानिक प्रयास है, जिसे प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का भी समर्थन मिला है.
जयपुर के सफल प्रदर्शन के बाद अब पार्टी 16 जून को महाराष्ट्र के नागपुर स्थित संविधान चौक पर शाम 4 बजे एक और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का आयोजन करने जा रही है, जिसमें स्थानीय छात्रों और युवाओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है.