ईरान अनफ्रीज संपत्ति से US उत्पाद नहीं खरीदेगा
नई दिल्ली । डेस्क: तेहरान और वाशिंगटन के बीच बढ़े हालिया तनाव के बीच ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबाफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि ईरान की अनफ्रीज (बहाल) होने वाली संपत्ति का इस्तेमाल विशेष रूप से अमेरिकी कृषि उत्पादों को खरीदने के लिए किया जाएगा.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तीखा हमला बोलते हुए गालिबाफ ने कहा कि अमेरिका का यह दावा पूरी तरह से झूठा है कि हमारी संपत्ति उनके कृषि उत्पाद खरीदेगी. उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि हम तो केवल वही फसल काट रहे हैं जो अमेरिका ने बोई है यानी दशकों का अविश्वास, जो पूरी तरह से जैविक, प्रचुर और स्वदेशी है.
यह विवाद पाकिस्तान की मध्यस्थता में दोनों देशों के बीच हुए एक समझौता ज्ञापन (MoU) के बाद शुरू हुआ, जिस पर 18 जून को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने डिजिटल हस्ताक्षर किए थे.
इसके बाद ट्रंप ने बयान दिया था कि वित्तीय राहत के तहत मिलने वाले 500 मिलियन डॉलर का इस्तेमाल ईरान में सीधे नकदी भेजने के बजाय अमेरिकी किसानों से मक्का और गेहूं खरीदने के लिए किया जाएगा.
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी इस रुख का समर्थन किया था.
हालांकि, ईरान के केंद्रीय बैंक के गवर्नर और सरकारी मीडिया ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा है कि इस समझौते में ऐसी कोई कानूनी शर्त नहीं है जो ईरान को अमेरिकी सामान खरीदने के लिए मजबूर करती हो. ईरान इस समझौते को अपनी रणनीतिक जीत के रूप में देख रहा है.