ईरान परमाणु समझौते के लिये तैयार, शर्त अमेरिका प्रतिबंध हटाने को तैयार हो
नई दिल्ली । डेस्क: वॉशिंगटन और तेहरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने परमाणु समझौते को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को भयानक परिणाम भुगतने की चेतावनी दिए जाने के कुछ ही घंटों बाद, ईरानी उप विदेश मंत्री मजीद तख्त-रवांची ने कहा कि यदि वाशिंगटन प्रतिबंध हटाने को तैयार है, तो उनका देश परमाणु समझौते के लिए 'समझौतों' पर विचार करने के लिए तैयार है.
बीबीसी को दिए एक साक्षात्कार में रवांची ने स्पष्ट किया कि यदि अमेरिका वास्तव में गंभीर है, तो समझौते की राह आसान हो सकती है. हालांकि, ट्रंप की सैन्य कार्रवाई की धमकी पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि यदि स्थिति बिगड़ती है तो इसके परिणाम केवल ईरान के लिए नहीं, बल्कि हमला शुरू करने वालों सहित सभी के लिए 'भयानक' होंगे.
यह कूटनीतिक हलचल ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका ने ईरान के पास अपने विमान वाहक पोतों सहित सैन्य उपस्थिति बढ़ा दी है.
ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों और उन पर हुई हिंसक कार्रवाई ने स्थिति को और जटिल बना दिया था, लेकिन अब दोनों पक्ष बातचीत की मेज पर लौटते दिख रहे हैं.
ओमान में हुई अप्रत्यक्ष बातचीत के बाद, अब मंगलवार 17 फरवरी को जेनेवा में अगले दौर की वार्ता होने की संभावना है.
ईरान ने अपने करीब 60 प्रतिशत तक संवर्धित यूरेनियम के भंडार को कम करने का प्रस्ताव भी दिया है, जिसे परमाणु हथियार बनाने के स्तर के करीब माना जाता है. फिलहाल गेंद अमेरिका के पाले में है और पूरी दुनिया की नजरें जेनेवा में होने वाली इस अहम बैठक पर टिकी हैं.