इंडोनेशिया: यात्रियों से भरी फेरी में लगी भीषण आग, 5 की मौत, 41 लापता
नई दिल्ली । डेस्क: इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास रविवार सुबह यात्रियों और क्रू मेंबर्स को ले जा रही एक फेरी में अचानक भीषण आग लग गई. इस दुर्घटना में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 41 लोग अभी भी लापता हैं.
देश की राष्ट्रीय खोज और बचाव एजेंसी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, नाव पर कुल 271 लोग सवार थे.
हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, जिसके तहत अब तक 225 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. एजेंसी ने पुष्टि की है कि लापता लोगों की तलाश के लिए समुद्र में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन जारी है.
जानकारी के मुताबिक, यह फेरी पूर्वी जावा प्रांत के सुरबाया शहर से रवाना होकर दक्षिण सुलावेसी के मकासर शहर की ओर जा रही थी.
आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस और संबंधित अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं. मदुरा द्वीप, जावा के उत्तर-पूर्वी तट पर स्थित है.