रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय नौसेना तैनात, 22 जहाजों पर फंसे 611 भारतीय

C

CG Khabar

18 मार्च 2026, 03:51 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

रणधीर जायसवाल
रणधीर जायसवाल

नई दिल्ली । डेस्क: विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को एक संयुक्त प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि भारतीय नौसेना वर्तमान में होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के पास जहाजों की सुरक्षा के लिए गश्त कर रही है. हालांकि, सुरक्षा कारणों से नौसेना के विशिष्ट निर्देशों और मिशन के विवरण को गुप्त रखा गया है. 


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस गंभीर स्थिति पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से फोन पर चर्चा की है, जिसमें दोनों नेताओं ने व्यापारिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर सहमति जताई है.

विज्ञापन


जहाज मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि होर्मुज के पश्चिमी छोर पर भारत के 22 जहाज फंसे हुए हैं, जिनमें 611 भारतीय नागरिक सवार हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ये सभी नागरिक पूरी तरह सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में 25 भारतीयों को सफलतापूर्वक स्वदेश लाया गया है. 


वहीं, ईरान में फंसे भारतीय छात्रों के लिए तेहरान स्थित दूतावास ने एडवाइजरी जारी कर उन्हें आर्मेनिया या अजरबैजान की जमीनी सीमा के रास्ते सुरक्षित निकलने की सलाह दी है.


देश में ईंधन की स्थिति पर स्पष्टीकरण देते हुए पेट्रोलियम मंत्रालय की विशेष सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतें बढ़ने के बावजूद भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर रखे गए हैं. 


एलपीजी (LPG) की आपूर्ति को लेकर उन्होंने बताया कि स्थिति चुनौतीपूर्ण है, लेकिन ऑनलाइन बुकिंग में सुधार हुआ है. सरकार ने उपभोक्ताओं से संयम बरतने की अपील की है और दीर्घकालिक समाधान के तौर पर पीएनजी (PNG) के उपयोग को बढ़ावा देने और वाणिज्यिक एलपीजी आवंटन बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है. सरकार का मुख्य ध्यान वर्तमान में घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता देने पर है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP