रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

नोबेल शांति पुरस्कार मुझे नहीं मिलेगा- ट्रंप

C

CG Khabar

21 जून 2025, 08:10 AM 3 मिनट में पढ़ें 3

डोनाल्ड ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप

नई दिल्ली । डेस्क: अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि नोबेल शांति पुरस्कार मुझे नहीं मिलेगा. अपनी पोस्ट में ट्रंप ने लिखा है, "चाहे मैं कुछ भी कर लूं, रूस-यूक्रेन हो या इसराइल-ईरान, नोबेल शांति पुरस्कार मुझे नहीं मिलेगा. लेकिन लोगों को सब पता है, और मेरे लिये यही सबसे ज़रूरी है!" 


गौरतलब है कि हाल ही में पाकिस्तान ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम नोबल शांति पुरस्कार के लिये पेश किया है. पाकिस्तान का कहना है कि ट्रंप को पाक-भारत युद्ध को खत्म करवाने के लिये नोबल शांति पुरस्कार से नवाज़ा जाना चाहिये.

विज्ञापन


हालांकि भारत ने कभी भी इस बात को नहीं माना है कि ट्रंप की मध्यस्था से पाक-भारत के बीच शांति कायम हुई हुई है.


पाकिस्तान सरकार का कहना है, "2025 के भारत-पाकिस्तान संकट में राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व दिखाता है कि वे शांति और कूटनीति की अपनी नीति को आगे बढ़ा रहे हैं. पाकिस्तान को उम्मीद है कि ट्रंप की ये कोशिशें भविष्य में भी क्षेत्रीय और वैश्विक शांति लाने में मदद करेंगी, ख़ासकर मिडिल ईस्ट में जारी संकट, ग़ज़ा में मानवीय त्रासदी और ईरान से बढ़ते तनाव को लेकर."


दरअसल, पाकिस्तान अब चाहता है कि अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कश्मीर मुद्दे पर भी मध्यस्था करे. जो कि भारत को कभी भी स्वीकार नहीं होगा. पाकिस्तान ट्रंप को शांतिदूत के रूप में पेश करना चाह रहा है ताकि उनसे कश्मीर मामले पर भी मध्यस्था करवाई जा सके.


उधर नोबल शांति पुरस्कार पर ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा है, "मैं यह बताते हुए बहुत ख़ुश हूं कि मैंने अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ मिलकर डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ़ कांगो और रवांडा के बीच एक शानदार समझौता कराया है. मुझे इस काम के लिए नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलेगा, मुझे भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोकने पर नोबेल नहीं मिला, सर्बिया और कोसोवो के बीच शांति लाने पर नहीं मिला, मुझे मिस्र और इथियोपिया के बीच शांति बनाये रखने के लिए नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलेगा, मुझे मध्य पूर्व में अब्राहम समझौते करने के लिए नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलेगा."


इससे पहले चार अमरीकी राष्ट्रपतियों को नोबल शांति पुरस्कार मिल चुका है. जिनमें बराक ओबामा, जिमी कार्टर, वुडरो विल्सन तथा थियोडोर रूज़वेल्ट को नोबल शांति पुरस्कार मिल चुका है.


बता दें कि नोबेल शांति पुरस्कार उन व्यक्तियों या संगठनों को मिलता है जिन्होंने "राष्ट्रों के बीच भाईचारे को बढ़ावा देने, सेना की तैनाती कम करने या शांति सम्मेलनों के आयोजन और प्रचार में बेहतरीन काम किया हो."


नोबल शांति पुरस्कार के लिये हर साल 1 फ़रवरी तक नामांकन जमा किये जाते हैं. केवल कुछ चुनिंदा लोग और संस्थायें ही किसी को नोबेल शांति पुरस्कार के लिये नामांकित कर सकती हैं, जैसे: देशों के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री, विश्वविद्यालयों के प्रोफ़ेसर, पूर्व नोबेल शांति पुरस्कार विजेता, संसद सदस्य, जज और कुछ अंतरराष्ट्रीय संगठनों के सदस्य आदि.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP