तेलंगाना के रंगारेड्डी में भीषण सड़क हादसा, 20 की मौत
हैदराबाद । डेस्क: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में सोमवार 3 नवंबर, 2025 की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में कम से कम 20 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. जिसमें एक तीन माह की बच्ची भी शामिल है. यह हादसा चेवेला के पास मिर्जागुडा-खानापुर रोड पर हुआ.
यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना सुबह लगभग 7:30 बजे विकाराबाद-हैदराबाद मार्ग पर हुई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक लॉरी ने एक दोपहिया वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश में तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम की एक बस में टक्कर मार दी.
साइबराबाद पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटनास्थल से सोलह शवों को तुरंत चेवेला के एरिया अस्पताल ले जाया गया, जबकि एक अन्य शव लगभग 9 बजे बरामद किया गया.
यह दुर्घटना अत्यंत गंभीर है और अब तक 20 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है.
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस दुखद सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है.
मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटनास्थल पर तुरंत आवश्यक राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं.
इस घटना के बाद चेवेला पुलिस स्टेशन के खानापुर गेट के पास हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस तथा प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं.