रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

पश्चिम बंगाल के बर्धमान में HIV अलर्ट: अनसुरक्षित यौन संबंध से 90 संक्रमित

C

CG Khabar

10 फ़र. 2026, 02:34 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

HIV positive
HIV positive

कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में एचआईवी संक्रमण को लेकर चिंता बढ़ गई है. जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने बताया है कि हालिया जांच में जिले भर में करीब 90 एचआईवी पॉजिटिव मरीजों की पहचान की गई है, जिनमें से अकेले बर्धमान शहर के 30 निवासी शामिल हैं. संक्रमितों में अधिकांश युवा, उच्चशिक्षित और पेशेवर रूप से स्थापित बताए जा रहे हैं.


स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मामले का खुलासा तब हुआ जब बर्धमान के एक युवक की लंबे समय से चली आ रही बीमारी के बाद जांच की गई. उसके एचआईवी पॉजिटिव पाए जाने पर संपर्क में आए लोगों की पहचान की गई, जिसके बाद एक के बाद एक नए मामले सामने आए. प्रारंभिक जांच में संक्रमण का मुख्य कारण सोशल मीडिया के जरिए परिचय के बाद अनसुरक्षित यौन संबंध माना जा रहा है.

विज्ञापन


जिला परिषद के जनस्वास्थ्य विभाग के प्रभारी विश्वनाथ राय ने बताया कि अनसुरक्षित यौन व्यवहार के कारण संक्रमण फैलने की आशंका है. वहीं, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी जयराम हेमब्रम ने कहा कि बार-बार जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद लोग जोखिम भरे यौन व्यवहार से बच नहीं रहे हैं. उन्होंने यह भी चेताया कि अब पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं और युवाओं में भी संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं.


चिकित्सकों का कहना है कि वर्तमान में एचआईवी/एड्स के इलाज के लिए प्रभावी दवाएं उपलब्ध हैं, जिनसे बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है. विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे बीमारी को छिपाने के बजाय समय पर जांच कराएं और सुरक्षित यौन व्यवहार अपनाएं.


प्रशासन ने गोपनीयता बनाए रखते हुए जांच, काउंसलिंग और जागरूकता अभियान तेज करने की बात कही है. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि एचआईवी संक्रमण रोका जा सकता है और नियमित जांच, सुरक्षित यौन संबंध तथा सही इलाज से इसे नियंत्रण में रखा जा सकता है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP