गुजरात: लिव-इन पार्टनर की हत्या के आरोपी को पुलिस ने सार्वजनिक रूप से पीटा
भावनगर । डेस्क: गुजरात के भावनगर में लिव-इन पार्टनर की हत्या के आरोपी युवक को पुलिस द्वारा सार्वजनिक रूप से लाठियों से पीटने का मामला सामने आया है. पुलिस आरोपी फैज़ल उर्फ खाटकी लखानी को घटना के रीक्रिएशन के लिए भावनगर बस स्टैंड के पास ले गई थी, जहाँ उस पर काजलबेन बराइया नाम की युवती की हत्या का आरोप है.
पुलिस ने आरोपी को रस्सी से बांधकर सरेआम घुमाया और लाठियों से जमकर पीटा. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद व्यापक विवाद खड़ा हो गया है.
वायरल वीडियो को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. जहाँ कुछ लोग इसे तालिबान शासित अफगानिस्तान या ईरान जैसी तालिबानी सजा करार दे रहे हैं, वहीं कई लोग आरोपी को मिली इस सजा का समर्थन भी कर रहे हैं.
हालांकि, मानवाधिकारों और कानून व्यवस्था के तहत पुलिस की इस कार्यप्रणाली और भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
पुलिस के अनुसार, फैज़ल और काजलबेन पिछले कुछ वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. 3 सितंबर को भावनगर बस स्टैंड के पास फैज़ल ने काजलबेन की बेरहमी से पिटाई की, जिससे गंभीर रूप से घायल हुई युवती की अगले दिन इलाज के दौरान मौत हो गई.
घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शक और कहासुनी के चलते आरोपी ने युवती को सड़क पर पटककर सीने-पेट में लात-घूंसे मारे और उसका सिर पत्थर पर पटक दिया था. पुलिस ने बताया कि आरोपी फैज़ल के खिलाफ पहले से ही डकैती और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं.