शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

FSSAI: डियाजियो की 1.6 मिलियन डॉलर की शराब जब्त

C

CG Khabar

10 अग. 2026, 02:13 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

डियाजियो इंडिया शराब
डियाजियो इंडिया शराब

नई दिल्ली । डेस्क: भारत में खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कड़ा रुख अपनाते हुए दिग्गज शराब निर्माता कंपनी 'डियाजियो इंडिया' की करीब 18,000 बॉक्स शराब जब्त कर ली है. बेंगलुरु स्थित कंपनी के कारखाने में निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बोतल पैकेजिंग पर सुरक्षा और रीसाइक्लिंग से जुड़े अनिवार्य निशान नहीं मिले. इसके बाद FSSAI ने इसे जनस्वास्थ्य और भ्रामक लेबलिंग से जुड़ा मामला मानते हुए यह कार्रवाई की है.


डियाजियो इंडिया (यूनाइटेड स्पिरिट्स) ने इस नियामक कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि उनके उत्पादों को अधिकारियों ने अस्थायी रूप से अलग रखा (क्वारंटाइन) है. कंपनी का कहना है कि बोतलें FSSAI से स्वीकृत रीसाइक्लर से ली गई थीं और सुरक्षा जांच भी पूरी की गई थी. 


डियाजियो ने दावा किया है कि उसके उत्पाद उपभोग के लिए पूरी तरह सुरक्षित हैं और वह इस मुद्दे पर FSSAI के साथ मिलकर काम कर रही है.


निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कंपनी की 180 मिलीलीटर वाली छोटी बोतलों पर केवल 'PET' का सिंबल दर्ज था, जबकि नियमों के अनुसार उन पर खाद्य-ग्रेड (Food-Grade) रीसाइक्लिंग का सरकारी प्रतीक चिन्ह होना आवश्यक था. 


इस कार्रवाई में लगभग 1.6 मिलियन डॉलर मूल्य की शराब और पैकेजिंग सामग्री जब्त की गई है, जिससे स्मिरनॉफ वोदका, डीएसपी ब्लैक और वैट 69 जैसे प्रमुख ब्रांड प्रभावित हुए हैं. गौरतलब है कि इससे पहले भी FSSAI परिपक्वता और फ्लेवरिंग के भ्रामक दावों को लेकर डियाजियो के कुछ व्हिस्की ब्रांड्स पर शिकंजा कस चुका है.


गौरतलब है कि डियाजियो इंडिया (Diageo India) भारत की प्रमुख प्रीमियम बेवरेज अल्कोहल (शराब) कंपनियों में से एक है. यह वैश्विक शराब निर्माता कंपनी डियाजियो (Diageo plc) की भारतीय सहायक कंपनी है, जो भारत में 'यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड' (USL) के रूप में काम करती है और भारतीय शेयर बाजारों (NSE और BSE) में सूचीबद्ध है.


इसका मुख्यालय बेंगलुरु, कर्नाटक में स्थित है. डियाजियो इंडिया के पोर्टफोलियो में कई लोकप्रिय और प्रतिष्ठित ब्रांड्स शामिल हैं, जैसे कि मैकडॉवेल्स नंबर 1, रॉयल चैलेंज, सिग्नेचर, एंटीक्विटी, ब्लैक डॉग, जॉनी वॉकर, स्मिरनॉफ, वैट 69 और कैप्टन मॉर्गन. 


भारतभर में इसके दर्जनों विनिर्माण संयंत्र और व्यापक वितरण नेटवर्क हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP