रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

यमुना एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियों के टकराने से 4 की मौत, 25 घायल

C

CG Khabar

16 दिस. 2025, 06:36 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

सड़क हादसा
सड़क हादसा

मथुरा । डेस्क: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में मंगलवार 16 दिसंबर, 2025 की सुबह यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए एक बड़े सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक लोग घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण हुई.


यह भीषण वाहन दुर्घटना तड़के करीब 4.30 बजे बलदेव पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत हुई. एसएसपी मथुरा श्लोक कुमार ने पुष्टि की, "आगरा से नोएडा की ओर यमुना एक्सप्रेस-वे पर कम दृश्यता के कारण वाहनों के टकराने से चार लोगों की मौत हो गई और 25 घायल हुए हैं. कुछ वाहनों में आग भी लग गई थी. सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया है."

विज्ञापन


बताया जा रहा है कि घने कोहरे के कारण एक कार डिवाइडर से टकराई, तभी पीछे से एक बस उसी कार में टकरा गई. इसके बाद एक के बाद एक कई बसें और छोटे वाहन आपस में भिड़ गए. टक्कर इतनी भयंकर थी कि बसों और कुछ गाड़ियों में आग लग गई.


मथुरा पुलिस के एक बयान के अनुसार, माइलस्टोन 127 पर हुई इस टक्कर में कम से कम सात बसें और तीन छोटे वाहन शामिल थे. दुर्घटनास्थल के दृश्यों में आग लगने के कारण जली हुई बसों के अवशेष दिखाई दिए, जिन्हें सड़क से हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई थी. अच्छी बात यह रही कि किसी भी घायल की हालत गंभीर नहीं है.


हादसे के कारण रास्ता बंद होने पर ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है और यात्रियों को सरकारी वाहनों से उनके गंतव्य तक पहुँचाया गया.


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. 


उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं." मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के उचित उपचार के निर्देश भी दिए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP