नारायणपुर: चार पूर्व नक्सली जोड़ों ने सीएम साय की उपस्थिति में रचाया ब्याह
नारायणपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में शुक्रवार कोआत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे चार पूर्व नक्सली जोड़ों ने 'मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना' के तहत शादी रचाई. इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं मौजूद रहे और उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ये जोड़े पहले से एक-दूसरे को जानते थे और आत्मसमर्पण के बाद अब वे सम्मानजनक जीवन की शुरुआत कर रहे हैं. उन्होंने अन्य नक्सलियों से भी हिंसा का रास्ता छोड़कर विकास की मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की और आश्वासन दिया कि सरकार उनके पुनर्वास और विवाह के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करेगी.
मुख्यमंत्री साय ने भारत सरकार के कड़े रुख का हवाला देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने 31 मार्च, 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य रखा है. उन्होंने चेतावनी और अवसर दोनों देते हुए कहा कि गोलियों की भाषा से कभी किसी का भला नहीं हुआ है, इसलिए नक्सली समय रहते आत्मसमर्पण कर सरकारी नीतियों का लाभ उठाएं.
मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष आयोजित 'बस्तर ओलंपिक' और 'बस्तर पांडुम' का उदाहरण देते हुए कहा कि आत्मसमर्पित नक्सली अब खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं.
इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी के हालिया बयानों का संदर्भ देते हुए उन्होंने 'अर्बन नक्सलवाद' की चुनौती पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि देश अब ऐसी ताकतों की साजिशों को समझ रहा है जो भारत को नुकसान पहुँचाने का काम कर रही हैं.