राहुल गांधी के काफिले की 5 गाड़ियां एंबुलेंस से टकराईं, सुरक्षाकर्मी और कार्यकर्ता घायल
सुल्तानपुर जा रहे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के काफिले की पांच गाड़ियां पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस से टकरा गईं. हादसे में कई सुरक्षाकर्मी और पार्टी कार्यकर्ता घायल हुए हैं, हालांकि राहुल गांधी सुरक्षित हैं.
लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के काफिले के साथ एक बड़ा हादसा हो गया. सुल्तानपुर जाते समय हालियापुर के पास राहुल गांधी के काफिले में पीछे चल रही पांच गाड़ियां एक एंबुलेंस से आपस में टकरा गईं.
इस दुर्घटना में कांग्रेस पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की खबर है. हालांकि, राहत की बात यह है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पूरी तरह सुरक्षित हैं.
पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना राज्य की राजधानी लखनऊ से लगभग 100 किलोमीटर दूर हुई. हादसे के सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एंबुलेंस एक्सप्रेसवे की दाहिनी फास्ट लेन में खड़ी थी, जबकि अन्य गाड़ियां पास की लेन में चल रही थीं. टकराने के कारण एक स्कार्पियो एसयूवी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
राहुल गांधी आज सुबह ही लखनऊ पहुंचे थे और वहां से उनका काफिला करीब 135 किलोमीटर दूर सुल्तानपुर के लिए रवाना हुआ था. गंतव्य से महज 35 किलोमीटर पहले यह दुर्घटना घटी.
गौरतलब है कि राहुल गांधी 2018 के मानहानि मामले में सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत में पेश होने जा रहे थे. यह मामला भाजपा नेता अमित शाह के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा हुआ है. अदालत द्वारा आज फैसला सुनाए जाने की संभावना है, जिसके लिए राहुल गांधी की व्यक्तिगत उपस्थिति अनिवार्य थी.