IIT-दिल्ली में प्रथम वर्ष के छात्र ने की आत्महत्या
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली के कैंपस से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां प्रथम वर्ष के एक स्नातक छात्र ने अपने अपार्टमेंट में कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी. पुलिस के मुताबिक, घटना कैंपस स्थित 'न्यू विंध्याचल अपार्टमेंट' की है, जहां छात्र अपनी मां के साथ रहता था.
गुरुवार सुबह जब छात्र ने फोन नहीं उठाया, तो सुरक्षाकर्मियों की मदद से दरवाजा खोला गया, जहां वह पंखे से लटका हुआ पाया गया. उसे तुरंत आईआईटी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. शुरुआती जांच में पता चला है कि छात्र की मां 10 मार्च को अपने पैतृक स्थान गई थीं और आखिरी बार उनकी अपने बेटे से बात 11 मार्च की रात को हुई थी.
छात्र के पिता ने इस मामले में किसी भी तरह की साजिश या संदेह से इनकार किया है.
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के मार्च 2025 के एक हालिया दिशा-निर्देश का हवाला देते हुए, पुलिस ने किशनगढ़ थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है ताकि मामले की विस्तृत जांच की जा सके. आईआईटी दिल्ली प्रशासन ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए छात्र के परिवार के प्रति संवेदना जताई है.