शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

दिल्ली के स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर में लगी आग

C

CG Khabar

01 जून 2026, 09:13 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

आग
आग

नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली के आईटीओ स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) की प्रशासनिक इमारत में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई. गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है. दमकल विभाग और पुलिस की मुस्तैदी से समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.


शुरुआती खबरों में दावा किया गया था कि आग कैंपस में स्थित केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के कार्यालय में लगी है. इस खबर के सामने आते ही सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई और कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने देश में चल रहे 'परीक्षा विवाद' से जोड़ते हुए इस घटना को 'संदिग्ध' करार दे दिया. 


हालांकि, बाद में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आग शिक्षा मंत्रालय के दफ्तर में नहीं, बल्कि एसपीए (SPA) की फैकल्टी बिल्डिंग में लगी थी.


दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, सुबह करीब 9:37 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद घटना स्थल पर आठ दमकल गाड़ियों को रवाना किया गया. आग प्रशासनिक ब्लॉक की दूसरी मंजिल पर स्थित फैकल्टी रूम्स में भड़की थी. 


स्थानीय पुलिस और आपातकालीन टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया. सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर तीन एंबुलेंस, दो पुलिस वैन और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया था.


कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. पुलिस ने पुष्टि की है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और इमारत में कोई भी सक्रिय आग नहीं बची है. फिलहाल प्रशासन ने हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP