'सितारे जमीन पर' में आमिर की 90 वर्षीय मां
नई दिल्ली | डेस्क: आमिर खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'सितारे जमीन पर' 20 जून 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. यह फिल्म स्पैनिश फिल्म 'चैंपियंस' का ऑफिशियल रीमेक है और अपनी अनोखी कहानी के लिए पहले से ही चर्चा में है. लेकिन अब इस फिल्म ने एक और खास वजह से सुर्खियां बटोर ली हैं. आमिर खान की मां, जीनत हुसैन, 90 साल की उम्र में इस फिल्म के जरिये बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं.
जीनत हुसैन, जो 13 जून 2025 को 91 साल की हो जायेंगी, इस फिल्म में एक स्पेशल कैमियो रोल में नजर आयेंगी. आमिर ने हाल ही में बताया कि फिल्म के डायरेक्टर आरएस प्रसन्ना ने उनसे गुजारिश की थी कि वे अपनी मां को फिल्म में एक छोटा-सा किरदार निभाने के लिए राजी करें. आमिर की बहन निखत खान भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं.
आमिर ने एक इंटरव्यू में साझा किया कि उनकी मां ने पहली बार फिल्म की शूटिंग देखने की इच्छा जताई. वे सेट पर आकर यह समझना चाहती थीं कि फिल्में कैसे बनती हैं. आमिर ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए उन्हें सेट पर बुलवाया. उस दिन फिल्म का एक जोश भरा वेडिंग सॉन्ग 'हैप्पी वेडिंग' शूट हो रहा था. जीनत व्हीलचेयर पर सेट पर पहुंचीं और वहां का माहौल देखकर बेहद खुश हुईं.
डायरेक्टर प्रसन्ना ने इस मौके को भुनाने की सोची और आमिर से कहा, "सर, अगर आपकी इजाजत हो, तो क्या हम अम्मी जी को इस गाने के सीन में मेहमान के तौर पर शामिल कर सकते हैं? यह फिल्म का आखिरी गाना है और शादी का सीन है. वे आसानी से सीन का हिस्सा बन सकती हैं." आमिर ने पहले तो हिचकिचाहट दिखाई और कहा, "मैं अपनी मां से ऐसा कैसे पूछूंगा? वे बहुत जिद्दी हैं." लेकिन जब आमिर ने हिम्मत करके जीनत से बात की, तो उन्होंने तुरंत हां कर दी. आमिर ने हंसते हुए कहा, "मैं तो चौंक गया था!"
जीनत इस फिल्म में एक-दो शॉट्स में दिखेंगी, और यह पहला मौका है जब वे आमिर की किसी फिल्म में नजर आयेंगी.
'सितारे जमीन पर' अपनी प्रेरणादायक कहानी और शानदार स्टारकास्ट के लिये पहले से ही फैंस के बीच उत्साह बटोर रही है. अब जीनत हुसैन का यह खास डेब्यू फिल्म को और भी यादगार बना रहा है. दर्शक अब बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि वे आमिर की मां को इस नये अंदाज में स्क्रीन पर देख सकें.