फसल बीमा का प्रीमियम किसान भरे और मुनाफा काटें कंपनियां
छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ किसानों को कम कंपनियों को ज्यादा
रायपुर | संवादाताः फसल बीमा योजना को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार गदगद है. गदगद होने का कारण है छतीसगढ़ को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के शानदार प्रभावी क्रियान्वयन के लिए देश के बड़े राज्यों की श्रेणी में सेकंड बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट के पुरस्कार से सम्मानित किया जाना.
लेकिन फसल पैदा करने वाला किसान चाहकर भी सरकार के साथ गदगद नहीं हो पा रहा है.
छत्तीसगढ़ में कई ऐसे उदाहरण हैं कि किसानों को उनकी फसल का बीमा तो हुआ पर जब फसल का नुकसान हुआ तो बीमा का लाभ नहीं मिला या मिला तो न के बराबर.
यही कारण है कि फसल बीमा योजना से किसानों का धीरे-धीरे मोह भंग हो रहा है. हलांकि यह सिर्फ छत्तीसगढ़ की बात नहीं है ऐसा पूरे देश के किसानों के साथ हो रहा है.
बीमा कंपनियां हर साल करोड़ों रुपये प्रीमियम जमा करती हैं और जब किसानों की फसल किसी आपदा का शिकार होती है तो उन्हें बीमा के तहत लाभ नहीं मिल पाता.
छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर दोहरी तस्वीर सामने आ रही है.
एक ओर राज्य को इस योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए पुरस्कार मिल रहे हैं, तो दूसरी तरफ हजारों किसान अब भी फसल नुकसान की भरपाई के लिए दर-दर भटक रहे हैं.
जगदलपुर में किसानों की गुहार
ताजा मामला जगदलपुर के किसानों से जुड़ा है. बीमा कंपनी की मनमानी को लेकर जगदलपुर के कई गांवों के किसान कलेक्ट्रेट पहुंचकर फसल बीमा की राशि न मिलने की शिकायत की है.
किसानों का कहना है कि फसल बीमा की राशि के लिए वे लगातार कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं. लेकिन उन्हें यह तक नहीं बताया जा रहा कि पैसा मिलेगा भी या नहीं.
जानकारी के मुताबिक इस वर्ष बस्तर जिले में खरीफ सीजन के दौरान 32, 382 किसानों ने बीमा करवाया था. कंपनी ने केवल 1438 किसानों को ही बीमा का लाभ दिया है.
कृषि उपसंचालक राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि बीमा प्रावधानों के अनुसार पात्र किसानों को योजना का लाभ दिया जायेगा.
वहीं बीमा कंपनी बजाज एलियांज के बस्तर प्रभारी नंद किशोर साहू का कहना है कि कंपनी फसल बीमा का पैसा राजस्व विभाग या भू अभिलेख शाखा द्वारा भेजी गई फसल कटाई रिपोर्ट के आधार पर देती है.
उन्होंने कहा कि किसानों को आने वाले दिनों में दूसरी किश्त मिल सकती है, लेकिन इस पर अभी निर्णय नहीं हुआ है. कंपनी अपनी मर्जी से राशि तय नहीं करती.
फसल कटाई रिपोर्ट के आधार पर बीमा कंपनी फसल बीमा की राशि जारी करती है, लेकिन किसानों का आरोप है कि लापरवाही के साथ रिपोर्ट तैयार की गई है.
कंपनी के अधिकारी कभी फील्ड पर जाकर नुकसान का आकलन नहीं करते हैं. हाल ही में योजना में बदलाव करते हुए प्रत्येक गांव को इकाई माना है.
सहकारी केन्द्रीय बैंक के माध्यम से जब किसान समर्थन मूल्य पर धान बेचते हैं, उसी दौरान बीमा योजना के तहत प्रीमियम की राशि काट ली जाती थी. अब नियम बदल गया है.
अब केवल उन्हीं किसानों के खाते से प्रीमियम कटेगा, जो कर्ज लेने के बाद सहमति देंगे.
बीमा प्रीमियम में 5 करोड़ से ज्यादा जमा हुआ
पिछले खरीफ सीजन में बीमा योजना का लाभ लेने के लिए किसानों ने लगभग 5 करोड़ 50 हजार रुपए प्रीमियम पर खर्च किए थे.
किसानों को उम्मीद थी कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई बीमा राशि से होगी. लेकिन अब तक केवल 2 करोड़ 93 लाख रुपए ही वितरित किये गये हैं.
कंपनी पर मनमानी का आरोप लगा रहे किसानों का कहना है कि फसलों की सुरक्षा के लिए वे हर साल हजारों रुपये खर्च कर बीमा करवाते हैं, लेकिन इसका कोई ठोस लाभ नहीं मिल रहा है.
भू अभिलेख शाखा द्वारा भेजी गई जानकारी के आधार पर बीमा कंपनी मुआवजा देने की बात कहती है, लेकिन भुगतान नहीं कर रही.
नाराज किसानों ने कहा कि इस साल बीमा कंपनी बजाज एलायंज ने केवल 1438 किसानों को ही बीमा का लाभ दिया है, जो कि बहुत कम है.
कंपनी और सरकारी अधिकारियों की मनमानी का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है.
सरगुजा के किसान भी ठगे गये
मोदी सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को इस तरह से प्रचारित किया कि इससे किसानों की फसल को पूरी तरह से सुरक्षा मिलेगी.
इस योजना के भीतर फसल में अगर आपदा के कारण क्षति हुई है, तो ये बीमा से कवर होती है. लेकिन छत्तीसगढ़ में और मामलों पर बात करें तो बीते साल सरगुजा के किसानों के लिए फसल बीमा योजना दुर्भाग्यपूर्ण रही.
यहां किसानों से प्रीमियम तो हर साल लिया जाता है, लेकिन क्षतिपूर्ति ऐसी मिलती है जो हास्यास्पद है.
2024 में फसल नुकसान होने पर सरगुजा के कुछ किसानों के साथ बीमा सहायता के नाम पर मजाक हुआ था. कुछ किसानों को 11 रुपये, 1 रुपये और 10 रुपये का बीमा क्लेम दिया गया था.
इस बात की पुष्टि खुद सहकारी बैंक के अधिकारियों ने किया था.
आपको बता दें इसके बाद सरगुजा के 6053 किसानों ने बीमा को लेकर असहमति जताते हुए फॉर्म भरा था. किसानों का कहना था कि उन्हें बीमा नहीं कराना है.
बैंक अधिकारियों का कहना था कि जितने भी किसान लोन लेते हैं, उन सबका बीमा करके उनका प्रीमियम डिटेक्ट किया जाता है, लेकिन किसानों में हताशा इसलिए है क्योंकि उन्हें क्षतिपूर्ति नहीं मिलती है.
बीमा कंपनियों से बात करने पर वो अपने नियमों का हवाला देते हैं.
अब बात करते हैं खरीफ 2024 सीजन की. इस साल तो कंपनी की लॉटरी लग गई. क्योंकि 34 हजार 416 किसानों ने बीमा कराया.
जिसमें 34 हजार 675 हेक्टेयर का बीमा हुआ और क्लेम के रूप में महज 17 सौ रुपये दिए गए. इस वर्ष भी बीमा कंपनी ने करीब 3 करोड़ का प्रीमियम सरगुजा के किसानों से वसूला.
मतलब 2024 में बीमा कंपनी ने 100% कमाई की है.
ऐसा ही खेल पिछले साल बालोद जिले में हुआ. बालोद में मात्र 2400 किसानों को मुआवजा की राशि का भुगतान किया गया.
बता दें कि बालोद जिले में 9 हजार 850 किसानों ने 10 हजार हेक्टेयर से अधिक फसल के लिए साढ़े 7 करोड़ प्रीमियम राशि बीमा कंपनी को जमा की थी.
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत रबी सीजन में 9 हजार 850 किसानों ने पंजीयन कराया था, लेकिन इनमें से 2400 किसानों को 2 करोड़ 10 लाख रुपये का मुआवजा राशि का भुगतान किया गया है.
बेमेतरा के किसानों को भी मुआवजे का इंतजार
इसी तरह बेमेतरा में पीएम फसल बीमा योजना के तहत 88 हजार से ज्यादा किसानों ने अपनी फसलों का बीमा करवाया था.
लेकिन बेमौसम बरसात और ओलों की वजह से किसानों की गेहूं और चने की फसलों के साथ साथ बाकी फसलें भी तबाह हो गईं. इसके बाद कुल 78 हज़ार किसानों ने नुकसान की भरपाई के लिए कृषि विभाग को जानकारी दी.
अधिकारी खेतों में आए और नुकसान का आंकलन किया लेकिन अब तक सिर्फ 27 हज़ार किसानों को मुआवजा दिया गया और बाकियों को अभी भी मुआवजे की राशि का इंतज़ार है.
फसल बीमा की प्रक्रिया
बीमा सिर्फ खेत नहीं बल्कि खलिहान को भी कवर करता है. फसल बीमा में राशि मिलना ग्राम पंचायत स्तर पर होता है.
ग्राम पंचायत स्तर में यदि 30 से 40 प्रतिशत किसानों को नुकसान होता है, जबकि खलिहान में भी फसल बीमा का लाभ मिलता है.
प्रधानमंत्री बीमा योजना में किसानों द्वारा प्रदाय किए जाने वाली प्रीमियम दर, खरीफ वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत कुल बीमित राशि का 2 प्रतिशत मुख्य फसल धान सिंचित 1200 रूपए, धान असिंचित 900 रूपए एवं अन्य फसल मक्का 900 रूपए, मूंगफल्ली 840 रूपए, मूंग एवं उड़द 540 रूपए, सोयाबीन 960 रूपए, अरहर 760 रूपए, कोदो 320 रूपए, कुटकी 340 रूपए एवं रागी 300 रूपए किसानों द्वारा प्रीमियम राशि देय है।
फसल बीमा कराया गया 32,000 से ज्यादा किसानों का, लेकिन लाभ सिर्फ 1,400 से कुछ को ही ! ऐसे में सवाल उठता है, क्या ये योजना किसानों की सुरक्षा का कवच बनी, या सिर्फ एक कागज़ी कामयाबी?