बेगुसराय में मुठभेड़: माओवादी दयानंद मलाकार की मौत, दो साथी गिरफ्तार
बेगुसराय में मुठभेड़: माओवादी दयानंद मलाकार ढेर, दो साथी गिरफ्तार
बेगुसराय । डेस्क: बिहार के बेगुसराय जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है, जहां बुधवार शाम सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी माओवादी दयानंद मलाकार मारा गया. बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने तेघरा इलाके में इस कार्रवाई को अंजाम दिया.
पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित सीपीआई-माओवादी की उत्तर-बिहार सेंट्रल जोनल कमेटी के सचिव दयानंद मलाकार उर्फ छोटू पर 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे.
एसटीएफ द्वारा जारी बयान के मुताबिक, पुलिस को माओवादियों के छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी. जब सुरक्षाकर्मियों ने इलाके की घेराबंदी की, तो मलाकार ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
इस मुठभेड़ में किसी भी सुरक्षाकर्मी के घायल होने की खबर नहीं है. पुलिस ने घटनास्थल से मलाकार के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं, जिसमें एक 5.56 MM इंसास राइफल, एक देसी पिस्तौल, 25 जिंदा कारतूस और 15 खोखे शामिल हैं.