छत्तीसगढ़ से विस्थापित हाथियों ने मध्य प्रदेश को बनाया स्थायी घर
भोपाल । डेस्क: मध्य प्रदेश के जंगलों के लिए एक सुखद खबर सामने आई है. लगभग 100 साल के लंबे इंतजार के बाद प्रदेश को अपना स्थायी जंगली हाथी परिवार मिल गया है.
करीब सात साल पहले छत्तीसगढ़ से विस्थापित होकर आए हाथियों के दो अलग-अलग समूहों ने अब मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (BTR) और संजय डुबरी टाइगर रिजर्व (SDTR) को अपना स्थायी ठिकाना बना लिया है.
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, इन हाथियों को यहाँ का वातावरण और प्राकृतिक संसाधन अपने अनुकूल लगे, जिसके कारण वे यहीं के निवासी बन गए हैं.
इस प्रवास की शुरुआत साल 2017 में हुई थी, जब सात जंगली हाथियों का एक दल छत्तीसगढ़ से निकलकर सीधी, सिंगरौली और शहडोल के गलियारों से होता हुआ संजय डुबरी टाइगर रिजर्व पहुँचा और वहीं बस गया.
इसके ठीक एक साल बाद, लगभग 40 हाथियों का एक बड़ा झुंड शहडोल के रास्ते बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में दाखिल हुआ.
वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि सामान्यतः हाथी तभी पलायन करते हैं जब उनके मौजूदा आवास में भोजन या पानी की कमी हो जाती है, लेकिन यदि उन्हें नया क्षेत्र पसंद आ जाए, तो वे वहीं रुक जाते हैं.
वर्तमान में बांधवगढ़ में हाथियों की संख्या बढ़कर 45 से 50 के बीच हो गई है.
ताज़ा गणना के अनुसार, मध्य प्रदेश के जंगलों में अब कुल 97 हाथी मौजूद हैं, जबकि पूरे भारत में जंगली हाथियों की कुल अनुमानित संख्या 22,446 दर्ज की गई है. (File Photo)