चुनाव दफ्तरों से नहीं, बल्कि मैदान से जीता जाता है- किरण देव
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ भाजपा अब पूरी तरह से जमीनी स्तर पर आर-पार के मूड में नजर आ रही है. रविवार को जगदलपुर में हुई भाजपा की हाई-प्रोफाइल संभागीय और जिला कार्यसमिति की बैठक में इसी बात की साफ झलक देखने को मिली. इस बैठक में पार्टी के दिग्गजों ने साफ कर दिया कि अब कार्यकर्ताओं को आराम छोड़कर सीधे 'जनता के द्वार' पर दस्तक देनी होगी.
आगामी संगठनात्मक एक्शन प्लान को धार देने के साथ-साथ इस मंथन का मुख्य एजेंडा बूथ स्तर पर पार्टी की पैठ को अभेद्य बनाना और केंद्र व राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं को समाज के आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना रहा.
बैठक में जोश भरते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कार्यकर्ताओं को जीत का मूलमंत्र दिया. उन्होंने दो टूक कहा कि कोई भी चुनाव दफ्तरों से नहीं, बल्कि मैदान से जीता जाता है. पार्टी की असली रीढ़ उसके कार्यकर्ता और उनका बूथ नेटवर्क ही हैं.
किरण देव ने नसीहत दी कि नेता और कार्यकर्ता अब गांवों का रुख करें, अपना जनसंपर्क बढ़ाएं और हर पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में मददगार बनें. इस दौरान प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने भी आगामी कार्यक्रमों का पूरा रोडमैप कार्यकर्ताओं के सामने रखा.
वहीं, सूबे के वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने सरकार और संगठन के 'डबल इंजन' तालमेल पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि विकास की गाड़ी तभी तेजी से दौड़ती है जब सरकार के फैसले और संगठन की मेहनत एक दिशा में काम करें.
कश्यप ने दावा किया कि राज्य सरकार की योजनाओं का जमीनी असर दिखने लगा है, लेकिन अब यह कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे सरकार की इन बड़ी उपलब्धियों की बात को हर घर और हर चौपाल तक पहुंचाएं ताकि विपक्ष के पास कोई मुद्दा ही न बचे.