दुर्ग: नशे में काम पर आने से टोका तो साथी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में जेवरा सिरसा चौकी अंतर्गत समोदा स्थित पूनम राइस मिल में बीते दिनों हुए एक खूनी संघर्ष में घायल मजदूर ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया. मामूली कहा सुनी से उपजे इस विवाद में एक श्रमिक ने अपने ही साथी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया था.
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 20 मार्च की है जब बादशाह ग्रुप के दो मजदूरों, गोविंद यादव और परमेंद्र यादव के बीच काम के दौरान बहस हुई थी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोविंद ने परमेंद्र को नशे की हालत में काम पर आने और लापरवाही बरतने के लिए फटकार लगाई थी.
इसी बात से आक्रोशित होकर परमेंद्र वहां से चला गया और कुछ देर बाद कुल्हाड़ी लेकर वापस लौटा. उसने गोदाम में भोजन कर रहे गोविंद पर अचानक हमला बोल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था.
घायल गोविंद को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां हफ्ते भर चले उपचार के बाद शुक्रवार उसकी मृत्यु हो गई. मौत की खबर मिलते ही पुलिस ने मामले में धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी परमेंद्र यादव को हिरासत में लिया.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.