शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग: नशे के खिलाफ मुहिम चलाने वाला खुद निकला गांजा तस्कर

C

CG Khabar

02 जुल. 2026, 01:01 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

गांजा तस्कर-दुर्ग
गांजा तस्कर-दुर्ग

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सोशल मीडिया पर नशे के खिलाफ बड़ी-बड़ी बातें करने और मुहिम चलाने वाला एक तथाकथित ब्लॉगर खुद ही ड्रग्स की तस्करी करते हुए पकड़ा गया है. खुर्सीपार थाना पुलिस ने आरोपी हरिशंकर यादव उर्फ 'जुगनू ब्लॉगर' को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से 4.198 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी जा रही है.


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 'जुगनू ब्लॉगर' अपनी एक्टिवा स्कूटर पर सवार होकर बिहारी मोहल्ला के पास गांजा बेचने की फिराक में घूम रहा है. नाकेबंदी के दौरान पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया. 


तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में गांजा, 300 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक्टिवा जब्त की गई.


पकड़ा गया आरोपी 'जुगनू ब्लॉगर' नाम से सोशल मीडिया पेज चलाता है. करीब एक महीने पहले, 1 जून को उसका एक वीडियो इंटरनेट पर जमकर वायरल हुआ था. इस वीडियो में वह खुर्सीपार इलाके के स्कूलों और पार्कों से नशेड़ियों द्वारा फेंकी गई सीरिंज और नशीली दवाइयों के रैपर समेटता हुआ नजर आ रहा था. 


वीडियो में उसने पुलिस और प्रशासन से नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की थी. लेकिन अब पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद साफ हो गया है कि यह सब सिर्फ एक दिखावा था.


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. सोशल मीडिया पर समाज सुधारक का चोला ओढ़ने वाले इस युवक के खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं. पुलिस फिलहाल आरोपी को जेल भेजकर इस पूरे ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP