शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

जम्मू में डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर जानलेवा हमला

C

CG Khabar

12 मार्च 2026, 02:30 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

 डॉ. फारूक अब्दुल्ला
डॉ. फारूक अब्दुल्ला

नई दिल्ली । डेस्क: जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला बुधवार को जम्मू में एक बड़े हमले में बाल-बाल बच गए. जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में स्थित 'रॉयल पार्क' रिजॉर्ट में एक शादी समारोह के दौरान एक हथियारबंद युवक ने उनके बेहद करीब पहुंचकर उन पर गोली चला दी. 


गनीमत रही कि डॉ. अब्दुल्ला के सुरक्षा घेरे में तैनात कमांडो ने समय रहते हमलावर को देख लिया और उसे तुरंत दबोच लिया, जिससे उनकी जान बच गई.


घटना की पुष्टि करते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बताया कि हमलावर 'पॉइंट-ब्लॉक रेंज' यानी बिल्कुल नजदीक तक पहुंचने में सफल रहा था और उसने फायर भी किया. 


मुख्यमंत्री ने इसे सुरक्षा में एक बहुत बड़ी चूक करार दिया है. उन्होंने सवाल उठाया कि Z+ और NSG सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति के इतने करीब एक हथियारबंद शख्स कैसे पहुंच गया? 


इस घटना के दौरान जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और सलाहकार नासिर असलम वानी भी मौके पर मौजूद थे.


जम्मू-कश्मीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जिसकी पहचान पुरानी मंडी निवासी कमल सिंह के रूप में हुई है. 


पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया पिस्तौल बरामद कर लिया गया है. नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेताओं ने इस घटना को गहरी साजिश बताते हुए कड़ी निंदा की है और पूरी जांच की मांग की है. फिलहाल डॉ. फारूक अब्दुल्ला पूरी तरह सुरक्षित हैं और पुलिस इस हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP