दिल्ली: SWAT कमांडो की हत्या, पति ने भाई को फोन कर कहा- 'मैं उसे मार रहा हूँ'
नई दिल्ली । डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी के मोहन गार्डन इलाके में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात 27 वर्षीय जांबाज SWAT कमांडो काजल चौधरी की उनके ही पति ने बेरहमी से हत्या कर दी. चार महीने की गर्भवती काजल पर उनके पति अंकुर ने डंबल से हमला किया और उनके सिर को दरवाजे के फ्रेम पर दे मारा.
इस भयावह घटना की सबसे विचलित करने वाली बात यह रही कि आरोपी ने हत्या के दौरान काजल के भाई को फोन किया और उसे सबूत के तौर पर कॉल रिकॉर्ड करने की चुनौती देते हुए कहा, "मैं तेरी बहन को मार रहा हूँ, पुलिस मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी."
भाई निखिल, जो खुद दिल्ली पुलिस में सिपाही हैं, फोन पर अपनी बहन की आखिरी चीखें सुनते रहे लेकिन उसे बचा नहीं सके.
हमले के बाद काजल पाँच दिनों तक गाजियाबाद के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझती रहीं, लेकिन 27 जनवरी की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया.
आरोपी अंकुर, जो रक्षा मंत्रालय में क्लर्क के पद पर तैनात है, को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
काजल के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही उन पर दहेज के लिए दबाव बनाया जा रहा था और अक्सर मारपीट की जाती थी. परिजनों के अनुसार, शादी में बुलेट बाइक और नकदी देने के बावजूद आरोपी पक्ष कार की मांग को लेकर काजल को प्रताड़ित करता था.
यहाँ तक कि गर्भावस्था के दौरान भी उनसे घर का सारा भारी काम कराया जाता था. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आर्थिक तंगी व घरेलू विवाद सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है.