दिल्ली SIR: CM रेखा गुप्ता और अरविंद केजरीवाल को नोटिस
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान बड़ा प्रशासनिक घटनाक्रम सामने आया है. चुनाव आयोग ने राज्य के 31.6 लाख से अधिक मतदाताओं को नोटिस जारी किए हैं. इन नोटिसों में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पूर्व मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल, उनके परिवार के सदस्य (माता-पिता, पत्नी और बेटा) तथा सांसद कपिल सिब्बल जैसी प्रमुख हस्तियों के नाम भी शामिल हैं.
यह कार्रवाई मतदाताओं के विवरण पिछले गहन संशोधन से लिंक (मैप) न होने या गणना फॉर्म में तार्किक विसंगतियां (Logical Discrepancies) पाए जाने के कारण की गई है.
आप का सवाल और चुनाव आयोग का स्पष्टीकरण
मामले के सामने आते ही आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर चुनाव आयोग को घेरते हुए सवाल उठाया कि तीन बार के मुख्यमंत्री रहे अरविंद केजरीवाल और उनके परिजनों के नाम मतदाता सूची से कैसे गायब हो सकते हैं.
इस पर नई दिल्ली क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ERO) ने स्पष्टीकरण जारी किया कि केजरीवाल और उनके परिवार द्वारा जमा किए गए गणना फॉर्म में विवरण पूरे नहीं थे, जिससे उनका डेटा पिछली मतदाता सूची से लिंक नहीं हो सका. ERO के अनुसार, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन होने के बाद उनके नाम 4 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची (AC-40, नई दिल्ली) में शामिल कर लिए जाएंगे.
सीएम रेखा गुप्ता का डेटा सत्यापित
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मामले में उनके और माता-पिता की उम्र में 15 वर्ष से कम का अंतर दर्ज होने के कारण नोटिस जारी हुआ था. हालांकि, शालीमार बाग ERO ने बताया कि भौतिक सत्यापन और दस्तावेजों की जांच के बाद मुख्यमंत्री के विवरण को सही पाया गया है और उनके नाम को अंतिम मतदाता सूची (AC-14, शालीमार बाग) में शामिल करने के लिए स्वीकृत कर लिया गया है.
नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था
चुनाव अधिकारियों ने बताया कि आधिकारिक माध्यमों के अलावा बीएलओ (BLO) घर-घर जाकर भी दस्तावेज अपलोड करा रहे हैं ताकि लोगों को ERO कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें. आयोग पूरी प्रक्रिया की समीक्षा कर रहा है और जरूरत पड़ने पर समय-सीमा बढ़ाई जा सकती है.