दिल्ली प्रदूषण: 'मिस्ट स्प्रे' प्लान, 305 हॉटस्पॉट पर लगेंगे स्प्रिंकलर
नई दिल्ली । डेस्क: हर साल की तरह, दिवाली के बाद से ही दिल्ली की हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है. नवंबर भर हवा 'बहुत खराब' श्रेणी में रही, जिससे लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ हो रही है.
इस गंभीर स्थिति पर हाल ही में भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने भी टिप्पणी की थी, उन्होंने कहा था कि न्यायपालिका के पास दिल्ली की जहरीली हवा साफ करने के लिए कोई "जादू की छड़ी" नहीं है, और दीर्घकालिक समाधान के लिए क्षेत्र के विशेषज्ञों और सरकार को आगे आना चाहिए.
इस बीच, गुरुवार को दिल्ली के प्रदूषण को लेकर एक बड़ा कदम सामने आया है. मीडिया सूत्रों के अनुसार, दिल्ली सरकार राजधानी में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए मिस्ट स्प्रे तकनीक का उपयोग करने पर विचार कर रही है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को बताया कि उन्होंने आईटीओ पर मिस्ट स्प्रेयर का निरीक्षण किया है. उन्होंने जानकारी दी कि दिल्ली सरकार शहर के नौ प्रदूषण हॉटस्पॉट पर 305 मिस्ट स्प्रेयर लगाने की योजना बना रही है.
रेखा गुप्ता ने कहा कि नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) के कुछ क्षेत्रों में मिस्ट स्प्रेयर के परीक्षण में सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं.
उन्होंने कहा, "हम दिल्ली की सभी सड़कों को मिस्ट स्प्रे मशीनों से कवर करने के लिए एक विस्तृत योजना तैयार कर रहे हैं. आईटीओ में 35 खंभों पर लगे मिस्ट स्प्रेयर ने परीक्षणों में अच्छे परिणाम दिखाए हैं."
प्रदूषण नियंत्रण के लिए उठाए जा रहे अन्य कदमों के बारे में रेखा गुप्ता ने बताया कि उन्होंने PWD, DSIIDC और DDA सहित विभिन्न विभागों को गड्ढों को भरने और सड़कों के निरीक्षण जैसे कई कदम उठाने का निर्देश दिया है. उन्होंने जनता से भी दिल्ली सरकार के पोर्टल पर गड्ढों की रिपोर्ट करने की अपील की है.