शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

ओटी शुरू करने युवा कांग्रेस का धरना प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में ओटी शुरू करने कांग्रेस का धरना

C

CG Khabar

11 मार्च 2025, 02:01 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

ओटी शुरू करने युवा कांग्रेस का प्रदर्शन
ओटी शुरू करने युवा कांग्रेस का प्रदर्शन

दंतेवाड़ा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर शुरू करने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस ने मंगलवार को धरना प्रदर्शन किया. इससे पूर्व भी कांग्रेसियों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन देकर ओटी जल्द शुरू करने की मांग की थी.


कांग्रेस का कहना है कि ऑपरेशन थियेटर शुरू नहीं होने के कारण ग्रामीणों को लगातार परेशानी हो रही है. स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते ठेकेदार मनमानी कर रहा है. वह समय से कार्य पूरा नहीं कर रहा.

विज्ञापन


युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गणेश दुर्गा का कहना है कि जिले के इतने बड़े अस्पताल में करीब छः महीने से ऑपरेशन ही नहीं हो रहा. स्वास्थ्य विभाग ओटी जल्द शुरू कराने बिल्कुल भी गंभीर नजर नहीं आ रहा है. 


दूरस्थ अंचल से आये ग्रामीण गीदम या फिर जगदलपुर जाने पर मजबूर हो रहे हैं. नक्सल इलाका होने के कारण यहां घटनाएं होती रहती हैं.  ऑपरेशन थियेटर नहीं होने की स्थिति में पीड़ितों को जगदलपुर रेफर किया जाता है.  ठेकेदारों की कार्य प्रणाली को देख कर लगता है कि उन्हें स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभयदान मिला हुआ है. 


उन्होंने कहा कि ओटी निरीक्षण के दौरान हमारी टीम ने देखा था कि काफी निम्र स्तर का सामान ओटी में लगाया जा रहा है, जिसका विरोध हमारे द्वारा किया गया था. युवक कांग्रेस ने अपनी मांगों को लेकर नोडल अधिकारी के नाम पर ज्ञापन सौंपा है. 


ज्ञापन में स्वास्थ्य विभाग को दस दिन के भीतर ओटी शुरू करने का अल्टीमेटम देते हुए अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गयी है.


इस दौरान पूर्व विधायक देवती महेंद्र कर्मा, जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा, वीरेंद्र गुप्ता, विमल सलाम, अजय मरकाम, अनिल कर्मा, मनोज मालवीय, लछु मंडावी, अजय उईके, भोला मरकाम, उमेश कश्यप, अविनाश सरकार, विक्रांत भारती, रधुवीर यादव, अर्जुन भास्कर, गायेंद्र सिंह, शैलेंद्र यादव, किशोर जूरी, करण इक्छाम, दया भास्कर समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP