कर्नल सोफिया कुरैशी को विशिष्ट सेवा पदक
नई दिल्ली । डेस्क: गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने सैन्य बलों के लिए वीरता और विशिष्ट सेवा पदकों की घोषणा कर दी है. इस वर्ष भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी को सेना में उनके विशेष योगदान के लिए 'विशिष्ट सेवा पदक' (VSM) से सम्मानित किया जा रहा है.
कर्नल सोफिया ने पिछले साल 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान पाकिस्तान की धरती पर भारत द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई की बारीकियों को दुनिया के सामने बेहद कुशलता से पेश किया था.
उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ऑपरेशन के हर रणनीतिक कदम और उसके पीछे के उद्देश्यों की व्याख्या की थी, जिसे देश की 'नारी शक्ति' के एक सशक्त संदेश के रूप में देखा गया.
1974 में गुजरात के वडोदरा में जन्मी कर्नल सोफिया कुरैशी वर्तमान में भारतीय सेना के सिग्नल कोर में एक शीर्ष अधिकारी हैं.
उनके नाम कई उपलब्धियां दर्ज हैं, जिनमें 2016 में 18 देशों के संयुक्त सैन्य अभ्यास का नेतृत्व करना शामिल है.
वह ऐसा करने वाली पहली महिला अधिकारी बनी थीं. इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट ने भी स्थायी कमीशन (परमानेंट कमीशन) के मामले की सुनवाई के दौरान कर्नल सोफिया द्वारा कांगो में संयुक्त राष्ट्र शांति सेना के सैन्य पर्यवेक्षक के रूप में निभाई गई भूमिका का उदाहरण दिया था.