रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में देश का पहला AI डेटा सेंटर पार्क

C

CG Khabar

30 दिस. 2025, 02:46 PM 2 मिनट में पढ़ें 5

AI
AI

 रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ देश के डिजिटल भविष्य में एक ऐतिहासिक कदम रखने जा रहा है. राजधानी नवा रायपुर के सेक्टर-22 में 13.5 एकड़ क्षेत्र में भारत का पहला एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित डेटा सेंटर पार्क विकसित किया जा रहा है. सरकार का दावा है कि यह परियोजना न सिर्फ राज्य बल्कि पूरे देश के लिए तकनीकी बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़, जो अब तक ऊर्जा, स्टील और एल्यूमिनियम के लिए जाना जाता था, अब सेमीकंडक्टर चिप्स, एआई, डेटा सेंटर और टेक्सटाइल जैसे अत्याधुनिक उद्योगों का केंद्र बनता जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह बदलाव राज्य को बहुआयामी औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करेगा.

विज्ञापन


यह अत्याधुनिक डेटा सेंटर पार्क पूरी तरह से एआई सेवाओं के लिए समर्पित होगा. इसमें GPU आधारित हाई-एंड कंप्यूटिंग, डेटा प्रोसेसिंग और स्टोरेज, लाइव स्ट्रीमिंग सुविधाएं और एडवांस्ड एनालिटिक्स एक ही इंटीग्रेटेड कैंपस में उपलब्ध होंगी. परियोजना की शुरुआत 1,000 करोड़ रुपये के निवेश से होगी, जिसे आगे चलकर 3,000 करोड़ रुपये तक विस्तारित करने की योजना है.


रैकबैंक और नीवक्लाउड के सीईओ नरेंद्र सेन के अनुसार, यह न केवल छत्तीसगढ़ का पहला एआई विशेष आर्थिक क्षेत्र (AI SEZ) होगा, बल्कि देश का भी पहला AI SEZ होगा. उन्होंने कहा कि भारत में निवेश करने की इच्छुक विदेशी कंपनियों के लिए यह परियोजना बेहद आकर्षक साबित होगी. एआई आधारित सेवाओं में भारी मात्रा में बिजली की खपत होती है और छत्तीसगढ़ आज एक पावर सरप्लस राज्य है, जो लगभग 22 गीगावॉट बिजली अन्य राज्यों को सप्लाई करता है. यही इस परियोजना के लिए सबसे बड़ा निर्णायक कारण रहा.


डेटा सेंटर पार्क में लगभग एक लाख GPU की क्षमता होगी, जो उन्नत एआई प्रोसेसिंग और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग को संभव बनाएगी. इससे भारत की भविष्य की डिजिटल और कंप्यूटिंग जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकेगी.


इस महत्वाकांक्षी परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 2,000 से अधिक रोजगार सृजित होने की उम्मीद है. नवा रायपुर में इस पहल के साथ छत्तीसगढ़ ने डिजिटल इंडिया के लक्ष्य की दिशा में एक मजबूत और निर्णायक कदम बढ़ाया है, जिससे राज्य को राष्ट्रीय और वैश्विक तकनीकी मानचित्र पर नई पहचान मिलने की संभावना है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP