छत्तीसगढ़ इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण में आत्मनिर्भर बनेगा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में कामन फैसिलिटी सेंटर की स्थापना को मिली मंजूरी है. इससे छत्तीसगढ़ इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण में आत्मनिर्भर बनेगा राज्य तथा युवाओं को नवाचार और रोजगार का नया मंच मिलेगा. भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने नवा रायपुर में कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) की स्थापना को मंजूरी प्रदान की है.
कॉमन फैसिलिटी सेंटर नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-22 में 3.23 एकड़ भूमि पर विकसित किया जायेगा. इस परियोजना की कुल लागत 108.43 करोड़ रुपये है, जिसमें से 75.00 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता भारत सरकार के मंत्रालय द्वारा EMC 2.0 योजना के अंतर्गत स्वीकृत की गई है. शेष 33.43 करोड़ रुपये राज्य सरकार द्वारा वहन किये जायेंगे तथा भूमि की उपलब्धता नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण द्वारा सुनिश्चित की जा रही है.
यह कॉमन फैसिलिटी सेंटर इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को बढ़ावा देने हेतु एक साझा एवं अनुकूल वातावरण निर्मित करेगा, जहां प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) प्रोटोटाइपिंग, 3D प्रिंटिंग, EMC परीक्षण और वुड वर्कशॉप जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
यह केंद्र सेमीकंडक्टर, माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स, एलईडी लैंप, सोलर चार्ज कंट्रोलर, इलेक्ट्रिक वाहन, ऑटोमेशन और SCADA पैनल जैसी इलेक्ट्रॉनिक्स आधारित उत्पादन इकाइयों को विशेष लैब और परीक्षण सुविधायें प्रदान करेगा.
यह सेंटर क्षेत्र के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माताओं के लिये एक महत्वपूर्ण संसाधन केंद्र के रूप में कार्य करेगा.
उदाहरण के तौर पर, एक छोटी एलईडी लाइट निर्माण इकाई अपने उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच के लिए CFC की परीक्षण लैब का उपयोग कर सकेगी. इसी प्रकार, एक स्टार्टअप जो सोलर चार्ज कंट्रोलर डिज़ाइन कर रहा है, वह बड़े पैमाने पर उत्पादन से पूर्व अपने डिज़ाइन को इस केंद्र की प्रोटोटाइपिंग सुविधा में परख सकेगा.
एक इलेक्ट्रिक व्हीकल घटक निर्माता अपने उत्पादों की इलेक्ट्रोमैग्नेटिक संगतता का परीक्षण कर सकता है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सभी प्रणालियाँ सुचारू रूप से कार्य कर रही हैं. साथ ही, 3D प्रिंटिंग सुविधा कंपनियों को विशेष जिग्स या कस्टम एन्क्लोज़र बनाने में सहायता करेगी, जबकि PCB प्रोटोटाइपिंग सेवा सर्किट बोर्डों के त्वरित विकास और परीक्षण में मदद करेगी, जिससे उत्पाद निर्माण की गति तेज होगी.
इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिये छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा पहले से ही कई आकर्षक योजनाएं संचालित की जा रही हैं. इस कॉमन फैसिलिटी सेंटर की स्थापना को राज्य की उद्योग नीति के तहत मिलने वाले प्रोत्साहनों से और भी बल मिलेगा, जिससे इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में बाहरी और स्थानीय निवेश को गति मिलेगी.
नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण द्वारा संचालित यह परियोजना राज्य में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण एवं निवेश को प्रोत्साहित करेगी. इसके माध्यम से राज्य और क्षेत्रीय स्तर पर अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा और युवाओं के लिये रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.