छत्तीसगढ़: स्कूल से शिक्षक गायब, सफाईकर्मी संभाल रहा क्लास
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक तस्वीर सामने आई है, जहां शिक्षकों की गैरमौजूदगी में एक स्कूल सफाईकर्मी बच्चों को पढ़ाते हुए नजर आया. मामला लखनपुर विकासखंड के जामझोर ग्राम स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
हैरानी की बात यह है कि कागजों पर इस स्कूल में एक प्रधान पाठक और दो अन्य शिक्षकों की नियुक्ति है, लेकिन धरातल पर कक्षाएं भगवान भरोसे चल रही हैं.
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि बच्चे अपनी सीटों पर बैठे हैं और ब्लैकबोर्ड पर पाठ लिखे हुए हैं, लेकिन उन्हें गाइड करने वाला कोई पेशेवर शिक्षक नहीं बल्कि स्कूल का सफाईकर्मी है.
यह घटना केवल एक स्कूल की लापरवाही नहीं, बल्कि देश की ग्रामीण शिक्षा में व्याप्त उस गहरी खाई को उजागर करती है जिसका जिक्र समय-समय पर 'असर' (ASER) और यूनेस्को की रिपोर्ट करती रही हैं.
आंकड़ों के मुताबिक, भारत में नामांकन दर तो 95 प्रतिशत से ऊपर है, लेकिन शिक्षकों की अनुपस्थिति और बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता आज भी बड़ी चुनौती बनी हुई है.
जामझोर का यह मामला प्रशासन के लिए एक बड़ी चेतावनी है कि क्या नियुक्तियां केवल कागजों तक सीमित रहेंगी या शिक्षक वाकई कक्षाओं तक पहुंचेंगे.